विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 23, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रुड़की पुलिस का सोतीगंज में छापा, हंगामा

By Edited By:
Published: Sat, 23 Mar 2013 01:44 AM (IST)Updated: Sat, 23 Mar 2013 01:45 AM (IST)

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, मेरठ : लूटी स्कार्पियो की तलाश में शुक्रवार रात उत्तराखंड की रुड़की पुलिस ने सोतीगंज में कबाड़ी के गोदाम पर छापा मारा। हालांकि कबाड़ी पुलिस के सामने से ही भाग गया। इस बीच कबाड़ी पक्ष के लोगों ने पुलिस टीम को घेरने का प्रयास किया। इसे लेकर जमकर हंगामा हुआ। कार चालक ने गोदाम में स्कार्पियो के पुर्जे पहचानने का दावा किया है। सदर बाजार पुलिस जांच के लिए कहकर टीम लौट गई। इस दौरान सोतीगंज में हड़कंप मच गया।

यामीन की सोतीगंज में एमक्यू ओल्ड मोटर पा‌र्ट्स के नाम से दुकान व बड़ा गोदाम है। शुक्रवार को रुड़की पुलिस तीन गाड़ियों में सवार होकर सोतीगंज यामीन के गोदाम पर पहुंची। सूचना पर सदर बाजार पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस के पहुंचते ही यामीन व अन्य गोदाम के पीछे के रास्ते से भाग गए। पुलिस टीम गोदाम में अंदर घुस गई और कबाड़ में गाड़ी के पुर्जे की तलाश की। इस दौरान स्कार्पियो चालक ने कुछ पुर्जे पहचाने का दावा किया तो स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस टीम के घेराव की कोशिश की। जांच के बाद पुलिस टीम लौट गई। दबिश से सोतीगंज में हड़कंप मच गया और गोदाम बंद हो गए।

फिर हुई सूचना लीक

सोतीगंज में छापे की सूचना लीक होना शगल बन गया है। एक बार फिर से बाहरी पुलिस के आने की सूचना लीक हो गई। बताया जाता है कि रुड़की पुलिस के पहुंचने से पहले ही सोतीगंज में प्रधान समेत तमाम लोग गोदाम में आसपास जमा थे। इतना ही नहीं इंस्पेक्टर भी स्वयं मौके पर पहुंच गए। आशंका जताई जा रही है कि सूचना पहले ही सोतीगंज में फैल चुकी थी।

इनका कहना है..

कबाड़ी से पूछताछ नहीं हो सकी है। कुछ सामान कब्जे में लिया है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

मुनेंद्र पाल, इंस्पेक्टर, सदर बाजार

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर