यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 04, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड ने फिर ली दो लोगों की जान

मऊ : सोमवार की रात तक पड़ी कड़ाके की ठंड ने जिले में दो और जिंदगियों को लील लिया। रतनपुरा क्षेत्र के इटैली में मंगलवार की भोर में शौच गया वनकर्मी ठंड की चपेट में आकर काल-कवलित हो गया तो मुहम्मदाबाद क्षेत्र में एक वर्ष का मासूम।
रतनपुरा प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय विकास खंड की इटैली ग्राम पंचायत निवासी योगेंद्र राम वनदेवी में फारेस्ट विभाग में कार्यरत थे। मंगलवार की भोर में पांच बजे वह शौच के लिए सिवान की तरफ गए थे कि ठंड लगने से उनकी मौत हो गई।
बहुत देर तक वापस नहीं आने पर उन्हें खोजते हुए परिजन सिवान में पहुंचे तो वह बेसुध पड़े हुए थे। उन्हें तुरंत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्सक ने जांचोपरांत मृत घोषित कर दिया।
मुहम्मदाबाद गोहना प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के अतरारी गांव में ठंड लगने से अब्दुल हमीद के एक वर्षीय मासूम बेटे मुहम्मद जैद की सोमवार की रात में मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि बालक सोमवार को पूरे दिन खेलता रहा। शाम होते ही उसे कंपकपी होने लगी। परिजनों ने आनन-फानन उसे एक निजी चिकित्सालय ले गए। वहीं उसकी मौत हो गई।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
