विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आरएसएस की बैठक में वृंदावन पहुंचे अमित शाह, कल जाएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ

By Dharmendra PandeyEdited By:
Published: Fri, 01 Sep 2017 10:46 AM (IST)Updated: Fri, 01 Sep 2017 11:35 AM (IST)

अमित शाह यहां वृंदावन में होने जा रही राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ की बैठक में भाग लेने पहुंचे हैं।समन्वय बैठक में कल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचेंगे।

आरएसएस की बैठक में वृंदावन पहुंचे अमित शाह, कल जाएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ
आरएसएस की बैठक में वृंदावन पहुंचे अमित शाह, कल जाएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ

मथुरा (जेएनएन)। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह यहां वृंदावन में होने जा रही राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ की बैठक में भाग लेने पहुंचे हैं। आज से शुरू हो रही तीन दिवसीय बैठक में कल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। 

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) समन्वय बैठक आज से तीन दिन तक वृंदावन के केशवधाम में शुरु होगी। आरएसएस की इस बड़ी बैठक में पहले ही आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत कल ही केशवधाम पहुंच चुके हैं। देर रात भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह के साथ आरएसएस संगठन मंत्री राम लाल तथा प्रदेश ऊर्जा मंत्री व प्रदेश सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा वृंदावन पहुंचे।

 

समन्वय बैठक में कल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री कल सुबह राजकीय विमान से मथुरा पहुंचेंगे। वहां वृंदावन के केशव धाम जाएंगे। उनके कई कार्यक्रम निर्धारित हैं। दोपहर बाद वह वापस हो जाएंगे। बैठक में योगी करीब दो घंटे तक शामिल होंगे जबकि गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी 2 सितम्बर को बैठक में शामिल होने की सूचना है। इस समन्वय बैठक में देश के कोने-कोने से आरएसएस के 180 पदाधिकारी वृंदावन पहुंचे है।

इस बैठक में इन बातों पर चर्चा होगी कि इन संगठनों ने वर्ष भर क्या काम किया, पिछले वर्ष जो लक्ष्य दिया गया था, उसमें कितना कार्य पूरा हुआ और उन्हें क्या परेशानियां पेश आईं। ऐसे में केरल में संघ कार्यकर्ताओं पर हमले और उनकी हत्या की घटनाएं निश्चित तौर पर उठेंगी। इसके अलावा स्वदेशी जागरण मंच चीन से जुड़े विषयों को उठा सकते हैं क्योंकि उन्होंने देश में चीनी वस्तुओं के बहिष्कार का कार्यक्रम आयोजित किया था। बैठक में सेवा भारती, बनवासी सेवा आश्रम, विहिप, एबीवीपी, किसान संघ, भारतीय मजदूर संघ जैसे संगठन हिस्सा लेंगे।

तीन दिवसीय इस बैठक में देश की आन्तरिक सुरक्षा व्यवस्था, पड़ोसी देशों के साथ सम्बंध, देश की वर्तमान स्थिति के साथ ही साथ आगामी 2019 के लोकसभा चुनावों को लेकर चर्चा की जानी हैं। यह बैठक रोज सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। इसमें केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के साथ ही उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी शिरकत करेंगे।

आरएसएस की यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। वृंदावन के केशवधाम क्षेत्र को दो जोन और पांच सेक्टर मे बांटा गया है। यहां वीवीआईपी नेताओं के आगमन को लेकर केशवधाम के पास में एक विशेष हेलीपेड बनाया गया है।