यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 25, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लू लगने से तीन लोगों ने दम तोड़

महोबा, कार्यालय प्रतिनिधि : गर्मी ने अपना प्रचंड रूप धारण कर लिया है। तेज धूप व लू के थपेड़ों से लोग बेहाल हो गए है। सीआरए विभाग के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान 49.1 डिग्री व न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। लू की चपेट में आकर जिले में अलग- अलग स्थानों पर तीन लोगों ने दम तोड़ दिया।
लू लगने से पहली मौत मुख्यालय के मलकपुरा की है। यहां की 80 वर्षीय राम बाई शुक्रवार की शाम खेत गई थी। अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। देर रात उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक लू लगने से उसकी मौत हुई है।
दूसरी मौत बेलाताल कस्बे की है। यहां की 65 वर्षीय गुलाबरानी बाजार की ओर जा रही थी, तभी वह लू की चपेट में आ गई। वापस घर आने पर उसकी हालत खराब होने लगी। परिजन उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी लाए। घर वापस जाने पर फिर हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। लू से एक और मौत पनवाड़ी थाना क्षेत्र के भरवारा गांव में हुई है। यहां का 60 वर्षीय खुमान उर्फ बाबू शनिवार को खेत गया था, लू की चपेट में आकर उसकी तबियत बिगड़ने लगी। परिजन उसे कहीं ले जा पाते लेकिन उसके पहले ही उसकी मौत हो गई।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
