यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 21, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जानलेवा हुई गर्मी, लू से तीन की मौत

महोबा, कार्यालय प्रतिनिधि : गर्मी अब जानलेवा हो गई है। पारा तेजी के साथ ऊपर खिसकने से लोग बुरी तरह झुलस रहे है। मंगलवार को लू की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई।
पहली घटना में कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के लाड़पुर गांव निवासी 35 वर्षीय किशन घर के दरवाजे में बैठकर मिट्टी के मटके बना रहा था। तभी लू के थपेड़ों की चपेट में आने से अचानक उसकी हालत बिगड़ने लगी। इसके पहले परिजनों कुछ कर पाते तबतक किशन की मौत हो गई।
दूसरी घटना में पनवाड़ी थाना क्षेत्र के भरवारा गांव निवासी 52 वर्षीय उत्तम मंगलवार सुबह खेतों की ओर जा रहा था। तभी वह लू की चपेट में आ गया, वापस घर आने पर उसे अचानक उल्टी दस्त शुरू हो गए। परिजन उसे चिकित्सालय ले जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
तीसरी घटना मुख्यालय कोतवाली क्षेत्र की है। बांदा निवासी 45 वर्षीय रामअवतार मुख्यालय के एक सरकारी आफिस का कर्मचारी है। सोमवार सायं वह कहीं बाहर से वापस अपने घर आया था, और अचानक उसकी तबियत बिगड़ने लगी। घबराए परिजन आनन-फानन उसे जिला अस्पताल लाए। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों के मुताबिक लू लगने से उसकी मौत हुई है।
जिले में लू से मरने वालों की संख्या अब बढ़कर चार हो गई है। इसके पहले भी एक युवक की लू से मौत हो चुकी है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
