यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जीएसटी के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने कसी कमर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आइसीएआइ) के 68वें चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे समारोह में प्रदेश में जीएसटी के लांच की घोषणा करेंगे।

लखनऊ (जेएनएन)। देश में आज से लागू जीएसटी के लिए सरकारी मशीनरी और वाणिज्य कर विभाग ने कल तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया। विभाग के अफसर जीएसटी को लेकर कानूनी प्रक्रियाओं को पूरी करने में लगे रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम डॉ.राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में वाणिज्य कर विभाग के सहयोग से आयोजित होने वाले इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आइसीएआइ) के 68वें चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे समारोह में प्रदेश में जीएसटी के लांच की घोषणा करेंगे।
आइसीएआइ के समन्वयक मुकेश शुक्ला व अपर वाणिज्य कर आयुक्त अंजनि कुमार सिंह ने कल यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में कलराज मिश्र व अन्य केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। उधर जीएसटी को लेकर वाणिज्य कर मुख्यालय में शुक्रवार को दिन भर अफरातफरी रही। विभाग के अफसर उप्र माल एवं सेवा कर नियम, 2017 की अधिसूचना जारी करने के लिए दौड़भाग करते रहे। जीएसटी के तहत विभिन्न प्रकार के माल व सेवाओं पर लगाये जाने वाले कर की दरों को भी शुक्रवार को अधिसूचित किया गया। वहीं जीएसटी पर व्यापारियों को दिये जाने वाले रीफंड में विलंब होने पर अदा किये जाने वाले ब्याज की दरों की अधिसूचना भी कल जारी की गई।
यह भी पढ़ें: आजम खां की टिप्पणी का शासन ने लिया संज्ञान अब कार्रवाई होगी
जीएसटीएन पोर्टल पर उन विभागीय अफसरों के पंजीकरण कराने के लिए भी जिद्दोजहद रही जिनका रजिस्ट्रेशन अब तक नहीं हो पाया था। जीएसटी को लेकर सभी कील-कांटा दुरुस्त रहे, इसलिए वाणिज्य कर मुख्यालय विभाग के जिला कार्यालयों से जीएसटी की सभी तैयारियां पूरी होने के बाबत प्रमाणपत्र लेने में भी जुटा रहा।
यह भी पढ़ें: शिक्षा विभाग में 74 अधिकारियों का तबादला, 27 डीआइओएस बदले
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
आइसीएआइ की सेंट्रल काउंसिल के मेंबर मनु अग्रवाल ने बताया कि आइसीएआइ की ओर से पहली जुलाई को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आज आइसीएआइ के देश के 170 स्थानों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भी होगा जिसमें लखनऊ का जलसा भी शामिल है।
