महिला सशक्तीकरणः अखिलेश ने बेटियों को सौंपी लखनऊ मेट्रो की कमान
मीरजापुर निवासी प्राची शर्मा व इलाहाबाद की प्रतिभा उन 19 मेधावी लड़कियों में हैं जिन्हें लखनऊ मेट्रो के लिए प्रशिक्षित किया गया। दोनों बीटेक हैं।
लखनऊ (जेएनएन)। राजधानीवासियों के लिए गुरुवार का दिन महत्वपूर्ण था। वजह भी थी। उनकी अपनी मेट्रो का सफर शुरू होना था। ऐसे में उन दोनों बेटियों के रोमांच की भी सीमा नहीं थी जिनके ऊपर पहली बार मेट्रो को डिपो से निकाल कर ट्रैक पर दौड़ाने की जिम्मेदारी थी। मुख्यमंत्री सहित हजारों निगाहें उन पर थीं। उत्सुकता चरम पर थी, लेकिन हौसला भी गजब का था और फिर ख्वाबों की तामीर हो रही थी। ऐसे में दोनों ट्रेन ऑपरेटर गौरवान्वित महसूस कर रही थीं। उनके माता-पिता भी प्रफुल्लित थे।
मीरजापुर निवासी प्राची शर्मा व इलाहाबाद की प्रतिभा उन 19 मेधावी लड़कियों में हैं जिन्हें लखनऊ मेट्रो के लिए प्रशिक्षित किया गया। दोनों बीटेक हैं। इत्तेफाक यह भी कि दोनों ही तीन-तीन बहनें हैं, लेकिन माता-पिता ने बड़े अरमानों के साथ पालन-पोषण किया है। मीरजापुर के अरौरा में ट्रांसपोर्ट बिजनेस करने वाले जय शंकर शर्मा की तीन बेटियों में से दो लड़कियां मेट्रो में काम कर रही हैं। बड़ी बेटी दिल्ली मेट्रो में है। प्राची को बड़ी बहन से प्रेरणा मिली और स्कूटी चलाते-चलाते मेट्रो चलाने का सफर पूरा हो गया। उनका मानना है यदि लड़कियों को मौका दिया जाए तो ऐसा कोई काम नहीं जो वे नहीं कर सकती हैं। प्राची पापा को लगातार हौसला बढ़ाने का श्रेय देती हैं।
इलाहाबाद निवासी प्रतिभा के पिता फूलपुर स्थित इफ्को में सीनियर मैनेजर हैं। मां गृहणी हैं। तीन बहनों में सबसे बड़ी प्रतिभा का ख्वाब था कि वह ऊंची उड़ान उड़े। बेटियों की इस उपलब्धि पर माता-पिता को गर्व है। लखनऊ मेट्रो ड्राइविंग स्कूल के उप प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने बताया कि सभी लड़कियां बहुत मेधावी हैं। यही वजह है कि प्राचार्य प्रशांत कुमार दुबे सभी बच्चों का हौसला बुलंद करते रहते हैं।
पढ़ें- जनता को परेशान कर रही है बैंकों और एटीएम पर कैश की भारी कमी
पढ़ें- हमने पांच जवानों के बदले पाकिस्तान के सौ मारे थे: मुलायम
पढ़ें- मेट्रो ट्रायल में आमंत्रण को लेकर भाजपा और सपा आमने- सामने
पढ़ें- शादीशुदा महिला का गैर पुरुष से लिव इन रिलेशन अवैध : हाईकोर्ट
पढ़ें- Metro Trial Run : सपनों की मेट्रो के मुसाफिर मुख्यमंत्री अखिलेश