यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सहारनपुर से भी जुड़े हो सकते हैं लश्कर के तार
लखनऊ। लश्कर-ए-तय्यबा के दो गुर्गो की दिल्ली स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तारी और उनमें से एक के देवबंद मे

लखनऊ। लश्कर-ए-तय्यबा के दो गुर्गो की दिल्ली स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तारी और उनमें से एक के देवबंद में मास्टर लियाकत से मिलने की बात जाहिर होने के बाद खुफिया इकाई के कान खड़े हो गए हैं। समझा जाता है कि लश्कर के तार सहारनपुर से भी जु़ड़े हो सकते हैं। पूछताछ के बाद मुक्त किए गए मास्टर लियाकत ने भी स्वीकार किया है कि जिन दो दहशतगर्दो को दिल्ली पुलिस ने दबोचा है, उनमें से एक की मुलाकात उनसे देवबंद में हुई थी। यह भी हो सकता है कि पकड़े गए दोनों आतंकी सहारनपुर में भी आए रहे हों। पहले भी यहां आतंकी गतिविधियों के साक्ष्य मिल चुके हैं।
चाहे वह खालिस्तान कमांडो के लड़ाके रहे हों या फिर लश्कर-ए-तय्यबा के। दिल्ली में पकड़े गए दोनों आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद से स्थानीय खुफिया विभाग ने सहारनपुर में पाकिस्तान, बांग्लादेशी व नेपाल से आने वाले लोगों की फिर से कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है। बता दें कि लश्कर-ए-तय्यबा के दो आतंकी शाहिद और राशिद की गिरफ्तारी के बाद से प्रदेश का खुफिया विभाग एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। दोनों आतंकियों द्वारा शामली के कुल्हेड़ी गांव निवासी मास्टर लियाकत के यहां एक रात गुजराने की बात से इस बात के संकेत मिलने लगे हैं कि आतंकी संगठन लश्कर-ए-तय्यबा के अभी और लड़ाके वेस्ट यूपी में डेरा डाले हुए हैं। थोड़ा पीछे मुड़कर देखें कंधार हाईजैक की। मौलाना अजहर महमूद को छुड़ाने के लिए 2 नवंबर 1994 में पांच विदेशी नागरिकों को अगवा करने के बाद सहारनपुर के खाताखेड़ी मोहल्ले में रखा गया था। एक अंग्रेज की लश्कर-ए-तय्यबा ने हत्या कर दी थी, जबकि चार विदेशी नागरिकों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद छुड़ा लिया था। आतंकी तो नहीं पकड़े गए, पर मुठभेड़ में साहिबाबाद थाने (गाजियाबाद) के तेजतर्रार इंस्पेक्टर ध्रुव लाल यादव और उनके हमराह राजेश यादव शहीद हो गए थे। इसी तरह पंजाब पुलिस का दबाव बनने के बाद खालिस्तान कमांडो फोर्स के कई लड़ाके यमुना खादर में आकर छिपे थे। वर्ष 1993 में देवबंद में पुलिस पिकेट पर बम फेकने की घटना में भी कश्मीरी नजीर अहमद का नाम आ चुका है, जो अभी तक पुलिस व खुफिया विभाग के लिए पहेली बना है। दिल्ली में पकड़े दोनों आतंकियों के रिश्ते शामली व मुजफ्फरनगर से जुड़ने के बाद से स्थानीय खुफिया विभाग ने मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान बाहर से आए लोगों की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है। इसमें वो लोग निशाने पर हैं, जो पाकिस्तान, बांग्लादेश व नेपाल से आ रहे हैं। पिछले साल जिले में 250 पाकिस्तानी नागरिकों ने आमद कराई थी। अधिकांश यहां से जा चुके हैं। इसी तरह सरकारी रिकार्ड में जिले में बांग्लादेशी नागरिकों की संख्या एक दर्जन से अधिक है। नेपाली कितने हैं। इसका रिकार्ड किसी के पास नहीं है।
-----------------------
हर दंगों के बाद सक्रिय हो जाती है आइएसआइ
---------------------
खुफिया विभाग से जुड़े अधिकारियों की बातों पर यकीन करें तो हर दंगे के बाद पाक खुफिया एजेंसी आइएसआइ सक्रिय हो जाती है। गुजरात के दंगों में भी आइएसआइ की सक्रियता की बात प्रकाश में आई थी और अब मुजफ्फरनगर में हुए दंगों के बाद इसका खुलासा हुआ है। इसके पीछे खुफिया विभाग के अधिकारियों का मानना है कि दंगों की आड़ में आइएसआइ ऐसे युवकों को संगठन में शामिल होने के लिये प्रेरित करती है, जो इससे प्रभावित होते हैं। इसका आइएसआइ को लाभ भी मिलता है। हालांकि इसका कोई सरकारी रिकार्ड नहीं है पर माना जा रहा है कि वेस्ट यूपी के कई जिलों में आइएसआइ के सदस्य काम कर रहे हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर