यूपी के वरिष्ठ विधायकों के सम्मान में विधानसभा पूरी तरह भावुक
आज से उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र का समापन हो रहा है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री आजम खान काफी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि 25 सालों में जो गलतियां हुईं उनके लिए माफी मांगता हूं।
लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। विधानसभा में 25 वर्ष पूरा करने वाले विधायकों को सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि राजनीति करना बहुत मुश्किल काम है। इसका अहसास उनको सांसद रहते हुए नहीं वरन विधायक बनने के बाद ही हुआ। मानसून सत्र के अंतिम दिनों में सदन का माहौल विदाई समारोह जैसा दिख रहा है। वरिष्ठ विधायकों के सम्मान में सदन पूरी तरह भावुक था। भाजपा के श्यामदेवराय चौधरी ने जहां मुख्यमंत्री अखिलेश को अपने पुत्र के समान बताते हुए उनके संस्कारों की सराहना की तो संसदीय कार्यमंत्री आजम खां ने भाजपा दलनेता सुरेश खन्ना की कार्य शैली को अनुकरणीय बताया।
भाजपा व बसपा के विधायक अब सपा में आने को तैयार
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार चुनाव जीतकर आना आसान नहीं है। लोगों का दिल जीतना भी अलग कला है और इसको वरिष्ठ विधायकों से सीखने की जरूरत है। उनका कहना था, जीत-हार से पहले टिकट पा लेना भी जटिल होता है और भाग्य का भी रोल रहता है। इससे पूर्व जिन दस वरिष्ठ विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष के आसान पर बुलाकर सम्मानित किया गया, उन्होंने आजम खां से लेकर अवधेश प्रसाद, सुरेश खन्ना, रामगोविंद चौधरी व राजीव कुमार सिंह आदि की सराहना की।
तस्वीरों में देखें-यूपी विधानसभा का मानसून सत्र
सबका सहयोग संबल बना
विधानसभा अध्यक्ष माताप्रसाद पांडेय मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के सहारे ही उनको यह मुकाम हासिल हुआ है। उनका कहना था कि सभी का सहयोग मिलने पर ही वह अध्यक्ष के तौर पर अपना दायित्व निभा सकें।
यूपी: राज्य कर्मियों-पेंशनरों को कैशलेस इलाज की सुविधा
मैं बुरा इंसान नहीं : आजम
आजम खां सम्मान पाकर कुछ ज्यादा ही भावुक हो गए। उन्होंने कहा मैं बुरा इंसान नहीं हूं। आजम ने कहा कि 25 वर्ष में जो गलती हुईं और जो नहीं हुईं, उनके लिए माफी मांगता हूं।
सबके साथ चलना चाहिए : खन्ना
भाजपा के दलनेता सुरेश खन्ना ने अपने सम्मान को शाहजहांपुर क्षेत्र की जनता को समर्पित करते हुए कहा कि मैं सबको साथ लेकर चलने के पक्ष में रहता हूं।
सम्मान गंगा व काशी को समर्पित
श्यामदेव राय चौधरी ने अपने सम्मान को काशी की जनता और गंगा को समर्पित करते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा के आशीर्वाद से ही आज इस पड़ाव पर पहुंच सका। अपने पिता से मिली सीख का प्रसंग सुनाते हुए चौधरी भावुक हो गए। उन्होंने मुख्यमंत्री की सराहना की पर यह भी जोड़ा कि वह कभी सपा से विधायक का चुनाव नहीं लडऩे वाले।
व्यवस्था परिर्वतन नहीं हो सका
सपा के रामगोविंद चौधरी ने सम्मान पाने के बाद कहा कि जिस उद्देश्य को लेकर वह राजनीति में आए, वह आज भी पूरा नहीं हो सका। भ्रष्टाचार खात्मे के साथ व्यवस्था परिर्वतन की लड़ाई अभी बाकी है।
कार्यकर्ता हूं : दुर्गा
सपा के दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि वह कार्यकर्ता की तरह काम करते रहे है। इसी कारण क्षेत्र की जनता का प्यार मिलता रहा है।
दरियाबाद का आशीर्वाद : राजीव
सपा के राजीव कुमार सिंह ने अपने क्षेत्र दरियाबाद की जनता को सम्मान का हकदार बताया। उनका कहना था कि उनके क्षेत्र की जनता ने निर्दलीय भी उनको जिताकर भेजा। मुलायम के साथ राजीव ने शिवपाल यादव की भी सराहना की।
मुलायम से प्रेरणा मिली:अवधेश
सपा के अवधेश प्रसाद का कहना था कि उनकी कामयाबी में क्षेत्र की जनता के साथ सपा प्रमुख मुलायम सिंह का योगादान भी कम नहीं है।
क्षेत्र की जनता की बदौलत : नरेंद्र
सपा से नरेंद्र सिंह यादव ने सम्मान की स्थिति तक आने के लिए क्षेत्र की जनता को श्रेय दिया। उनका कहना था कि नेताजी (मुलायम सिंह) का मार्ग दर्शन हमेशा काम आया।
सब बिहारी जी कृपा : श्याम सुंदर
बसपा के श्यामसुंदर शर्मा का कहना था कि बांके बिहारी जी की कृपा से ही उनका यह अवसर प्राप्त हो सका। ऐसे मौके की कल्पना उन्होंने नहीं की थी लेकिन क्षेत्र की जनता का प्यार उनकी ताकत बना है।