यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 06, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
खुले रेल फाटक से गुजर गई ट्रेन
गाजीपुर : रेलवे की लापरवाही फिर उजागर हुई। खुले गेट से धड़धड़ाते गुजर गई जनसाधारण एक्स

गाजीपुर : रेलवे की लापरवाही फिर उजागर हुई। खुले गेट से धड़धड़ाते गुजर गई जनसाधारण एक्सप्रेस और चंद दूरी पर थी बच्चों को ले जा रही दो स्कूल बसें। यह तो संयोग अच्छा था कि कोई हादसा नहीं हुआ। चालकों ने तत्काल बस रोक दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने गेटमैन के खिलाफ आरपीएफ व रेलपथ निरीक्षक को तहरीर दी है।
दिलदारनगर बाईपास रोड स्थित नान इंटरलाकिंग रेल फाटक से सुबह 7.30 बजे जनसाधारण एक्सप्रेस के गुजरने की जानकारी पैनल रूम को मिली। स्टेशन मास्टर ने गेटमैन सुमेरू को फाटक बंद करने का निर्देश दिया। बावजूद इसके गेटमैन फाटक बंद करना भूल गया। इस बीच तेज रफ्तार से जनसाधारण एक्सप्रेस गुजर गई। यह देख लोगों के होश उड़ गए। इसी दौरान बच्चों को लेकर स्कूल की दो बसें रेल फाटक के पास पहुंच गईं। चालकों ने ट्रेन आते देख तत्काल ब्रेक लगा दिया। घटना की जानकारी रेलकर्मियों को होते ही अफरातफरी मच गई। सहायक रेलपथ निरीक्षक सतेंद्र कुमार ने गेटमैन से पूछताछ की तो उसने गेट बंद होने की जानकारी दी। आरपीएफ प्रभारी रमाधार प्रसाद ने बताया कि बाइपास रोड स्थित क्रिसेंट कान्वेंट स्कूल के प्रधानाचार्य ने मामले में तहरीर दी है। वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी जीपी मंडल ने कहा कि जांच में सही पाए जाने पर गेटमैन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।