विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 06, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मेरठ में रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने सभी को चौंकाया, चलती ट्रेन से उतरे

By Dharmendra PandeyEdited By:
Published: Mon, 06 Jun 2016 01:41 PM (IST)Updated: Mon, 06 Jun 2016 07:17 PM (IST)

रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु ने एक बार फिर अपने अंदाज में सभी को चौंका दिया। वह आज आज दिन ...और पढ़ें

News Article Hero Image

लखनऊ (जेएनएन)। रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु ने एक बार फिर अपने अंदाज में सभी को चौंका दिया।

वह आज आज दिन में करीब 12 बजे विशेष ट्रेन से दिल्ली से मेरठ पहुंचे। मेरठ स्टेशन पर उनकी अगवानी के लिए नेता तथा अफसर फूल-माला लेकर खड़े थे, लेकिन जैसे ही ट्रेन की रफ्तार कम हुई, प्रभु चलती ट्रेन से ही उतर गए और मंच की ओर अकेले ही चल दिए।

बाकी नेता-अफसर कोच की तरफ ढूंढते रहे। इतनी देर में प्रभु मंच तक पहुंच चुके थे। ऐसे में स्वागताकांक्षी स्टेशन छोड़ मंच की ओर लपके और वहीं पर फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया।

प्रभु ने गाजियाबाद-मेरठ-सहारनपुर मार्ग के विद्युतीकरण परियोजना को राष्ट्र को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरठ की भूमि क्रांति की भूमि रही है और यहां से उठने वाली आवाज पूरे देश में गूंजती है। उन्होंने नरेंद्र मोदी सरकार के दो साल की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि गत दो वर्ष में रेलवे ने अकेले यूपी में 4500 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। भविष्य में भी कई बड़ी योजनाएं होनी हैं।

उन्होंने कहा कि ईस्टर्न फ्रेट कॉरीडोर भी मेरठ से होकर गुजर रहा है। यह बहुत बड़ी परियोजना है। इसके लिए 85 हजार करोड़ की राशि मंजूर की गई है। फ्रेट कॉरीडोर आने से यहां पर मालगाड़ी का ट्रैफिक घट जाएगा, जिससे नई यात्रियों की जरूरत के लिए नई रेलगाडिय़ां भी चलाई जा सकेंगी।

इसी मौके पर उन्होंने मेरठ सिटी स्टेशन पर एस्केलेटर और लिफ्ट का शिलान्यास किया। उनके साथ कृषि राज्यमंत्री संजीव बालियान भी थे।

सांसद राजेंद्र अग्रवाल और विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने सुरेश प्रभु से मांग की कि रेल लाइन का विस्तार हस्तिनापुर तक किया जाए, इस पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस सरकार में यह काम भी संभव हो जाएगा।

सिटी स्टेशन के कार्यक्रम के समापन के बाद प्रभु सर्किट हाउस को रवाना हो गए। दोपहर बाद कार्यकर्ताओं के साथ उनकी मंत्रणा होगी और फिर शाम को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के व्यापारियों के साथ यूपी चेंबर ऑफ कॉमर्स में उनकी विशेष बैठक होनी है। आज रात को ही सुरेश प्रभु दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।