यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 26, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फिल्म पद्मावती विवादः भंसाली और दाऊद के सिर पर दो-दो करोड़ रुपये का इनाम
पद्मावती फिल्म को लेकर शामली के राजपूत समाज ने आज जबरदस्त प्रदर्शन किया और संजयलीला भंसाली का सिर काटने वाले को 2 करोड़ का इनाम घोषित कर दिया।

लखनऊ (जेएनएन)। फिल्म पद्मावती को लेकर विरोध व प्रदर्शन का सिलसिला थम नहीं रहा है। यूपी के कई जिलों में प्रदर्शन, जुलूस, नारेबाजी और पुतला दहन की सूचना है। इसी बीच शामली के थानाभवन के गांव हरड़ फतेहपुर में राजपूत समाज ने एक सभा में संजय लीला भंसाली व दाऊद इब्राहिम पर दो-दो करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा कर डाली। आज बजरंग दल ने बैठक कर फिल्म के रिलीज करने पर प्रदर्शन-हंगामे की चेतावनी दी है। गांव हरड़ फतेहपुर में ठाकुर रण सिंह की अध्यक्षता और ठाकुर कर्ण सिंह के संचालन में आयोजित सभा में फिल्म पद्मावती को लेकर रोष जताया गया। इसके बाद समाज के लोगों ने सहारनपुर-दिल्ली मार्ग पर भंसाली का पुतला फूंका। पुलिस ने मामले की जानकारी से इन्कार किया है।
फिल्म पद्मावती का जोरदार विरोध
उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में फिल्म पद्मावती को परदे पर दिखाए जाने से पहले से ही विरोध करने में पूरे देश में अलग-अलग संगठन सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश में हिंदू युवा वाहिनी, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, भारतीय जनता युवा मोर्चा समेत कई संगठन विरोध कर रहे हैं। इनके आंदोलन में जुलूस, नारेबाजी, प्रदर्शन और पुतला दहन शामिल है। क्षत्रिय युवा वाहिनी ने पद्मावती फिल्म का विरोध प्रदर्शन कर निर्देशक संजय लीला भंसाली और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला फूंका। उल्लेखनीय है कि बंगाल में फिल्म के प्रसारण के लिए हरी झंडी मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि गेंद अभी सेंसर बोर्ड के पाले में है। उसकी कुछ क्लिपिंग लीक होने के कारण हंगामा हो रहा है। आंदोलन उत्तर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिला लेकिन करीब 25 जिलों में आज दूसरे चरण के मतदान के कारण आंदोलन को गति नहीं मिल सकी।
ममता बनर्जी का पुतला फूंका
आज क्षत्रिय युवा वाहिनी संयोजक अमित सिंह ने गोंडा में कहा कि पद्मावती फिल्म में रानी पद्मावती की जीवनी और क्षत्राणियों के बलिदान से खिलवाड़ किया गया है। पद्मावती को तत्काल पाबंद करने की मांग करते हुए उन्होंने सरकारों को आगाह किया कि यदि पद्मावती फिल्म प्रदर्शित की गयी तो पूरे देश में आंदोलन होगा। बंगाल में फिल्म के प्रसारण की हरी झंडी पर कटाक्ष करते हुये उन्होंने ममता बनर्जी पर तीखी टिप्पणी की। क्षत्रिय युवा वाहिनी के सैकड़ों कार्यकर्ता डुमरियाडीह से गांधी पार्क तक जुलूस निकालकर एलबीएस चौराहे पर पहुंचे। यहां निर्देशक संजय लीला भंसाली और ममता बनर्जी का पुतला दहन किया। इस मौके पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध रहे।