यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 17, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कल्याण की मौजूदगी में होगा मोदी की रैली का आगाज
जागरण ब्यूरो, लखनऊ : भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी की कानपुर में शनिवार को

जागरण ब्यूरो, लखनऊ : भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी की कानपुर में शनिवार को होने वाली रैली का आगाज एटा से निर्दलीय सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह मौजूदगी में होगा। मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के साथ कल्याण की मंच पर मौजूदगी भाजपा के पक्ष में पिछड़ों को प्रमुखता देने के साथ एकजुटता का संदेश देगी। सूबे में पहली रैली के माध्यम से भाजपा ने कांग्रेस के गढ़ और सपा के किले को भेदने की तैयारी भी की है।
इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होंगे कल्याण : कल्याण सिंह का कहना है कि व्यवहारिक रूप से तो वह भाजपा में ही हैं लेकिन नवंबर के अंतिम या दिसम्बर के पहले सप्ताह में लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हो जाएंगे। पिछले छह महीने से मोदी के पक्ष में खुलकर बोल रहे पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि वह शुक्रवार को ही कानपुर पहुंच जाएंगे और रैली में भाषण भी देंगे। भाजपा में रहते पिछड़ों के साथ-साथ अगड़ों के भी कद्दावर नेता के रूप में जाने जाने वाले कल्याण की मोदी के साथ मंच पर मौजूदगी भाजपा में पिछड़े वर्ग के नेतृत्व को प्रमुखता प्रदान करने की कवायद से जोड़ा जा रहा है क्योंकि मोदी भी पिछड़ी जाति से आते हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
