विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 08, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

डीजल, पेट्रोल, सीएनजी पर मेट्रो सरचार्ज लगेगा!

By Edited By:
Published: Tue, 08 Oct 2013 08:35 PM (IST)Updated: Tue, 08 Oct 2013 08:36 PM (IST)

News Article Hero Image

मेट्रो इम्पैक्ट जोन्स में बढ़ सकता है संपत्ति कर

वैकल्पिक आय तलाशने पर सहमति बनी

अंतिम निर्णय अभी होना बाकी

जागरण संवाददाता, लखनऊ : मेट्रो का खर्च पूरा करने के लिए आय बढ़ाने के विकल्प तलाशे गए हैं। लखनऊ नगर में पेट्रोल, डीजल तथा सीएनजी की ब्रिकी पर मेट्रो सेस चार्ज, सरचार्ज, अतिरिक्त व्यापार कर बढ़ाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा मेट्रो इम्पैक्ट जोन्स में संपत्ति कर भी बढ़ सकता है। मेट्रो रेल परियोजना के वित्त पोषण के लिए अतिरिक्त आय अर्जित करने शासन स्तर पर हुई बैठक में कई सुझावों पर चर्चा हुई और उन प्रस्तावों पर अधिकारियों ने तो अपनी सहमति भी जता दी है। माना जा रहा है कि यह अतिरिक्त आय तब से वसूली जाएगी, जब से मेट्रो का काम दिखने लगेगा।

मध्य दिसंबर में शुरू होगा मेट्रो का काम

मेट्रो का काम दिसंबर के मध्य से शुरू हो जाएगा। अमौसी हवाई अड्डे से आलमबाग के बीच सात किलोमीटर हिस्से में प्रथम चरण में काम शुरू होगा। सड़क पर बीच में पिलर खड़ा करने के साथ ही ऊपरी हिस्से का निर्माण होगा,जिस पर मेट्रो दौड़ेगी। सिविल कार्य के चलते दस मीटर पर यातयात बाधित रहेगा, लेकिन यातायात के प्रबंध इस तरह से किए जाएंगे, जिससे शहरवासियों को खास दिक्कतों का सामना न करना पड़ेगा।

मेट्रो सेल के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल का कहना है कि अब मेट्रो को सड़क पर लाने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। दिसंबर के मध्य में किसी भी समय मेट्रो के लिए सिविल वर्क शुरू हो जाएगा। वह कहते हैं कि सड़क के दस मीटर हिस्से में निर्माण का प्रभाव रहेगा और इससे शहरवासियों को आवागमन में कोई दिक्कत न हो, इसके इंतजाम किए जाएंगे। वैकल्पिक मार्ग पर यातायात का डायवर्जन करने के साथ ही निर्माण स्थल के अगल बगल से रास्ते दिए जाएंगे। इसके लिए सड़क से अतिक्रमण को हटाया जाएगा।

एलएमआरसी पंजीकृत

लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एलएमआरसी) पंजीकृत हो गई है। कानपुर स्थित रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज ने एलएमआरसी को रजिस्ट्रर्ड करते हुए जरूरी कागजात मांगे हैं। मेट्रो सेल के अध्यक्ष ने बताया कि कंपनी का पंजीकरण होने से आगे की कार्यवाही में अब सहूलियतें मिलेंगी, क्योंकि मेट्रो सेल का गठन अस्थाई व्यवस्था थी।

अमौसी से जोड़ने की योजना नहीं

अमौसी एयरपोर्ट से मेट्रो को जोड़ने की अभी कोई योजना नहीं है। मेट्रो सेल के अध्यक्ष कहते हैं कि अमौसी में जिस जगह से मेट्रो रूट प्रस्तावित है, वहां काफी जमीन की जरूरत पड़ेगी, जबकि जमीन पर आबादी है।

इनसे आय बढ़ाने की योजना

-लखनऊ नगर में पेट्रोल, डीजल तथा सीएनजी की ब्रिकी पर मेट्रो सेस चार्ज, सरचार्ज, अतिरिक्त व्यापार कर लिया जाएगा।

-मेट्रो रेल परियोजना के प्रस्तावित कॉरिडोर्स की मध्य रेखा से दोनों तरफ 500-500 मीटर गहराई में अधिकतम पांच एफएआर अनुमन्य किया, जिससे वर्तमान भवन निर्माण उपविधि में अनुमन्य अधिकतम एफएआर से अतिरिक्त एफएआर क्रय योग्य होगा

कॉरिडोर्स की मध्य रेखा से दोनों तरफ 500-500 मीटर गहराई में संपत्ति हेतु प्रभावी सर्किल रेट को पुनरीक्षित कर उसमे वृद्धि की जाए।

कॉरिडोर्स की मध्य रेखा से दोनों तरफ 500-500 मीटर गहराई में संपत्ति के निबंधन में एक प्रतिशत अतिरिक्त स्टैंप शुल्क लिया जाए और उक्त क्षेत्र में स्वीकृत मानचित्र पर अतिरिक्त विकास शुल्क लिया जाए

मेट्रो इम्पैक्ट जोन्स में मेट्रो रेल संचालित होने के उपरांत पार्किंग शुल्क में वृद्धि की जाए तथा इस क्षेत्र में आने वाले व्यावसायिक वाहनों से स्मार्ट कार्ड के माध्यम से अतिरिक्त मेट्रो सरचार्ज शुल्क प्राप्त किया जाए।

मेट्रो इम्पैक्ट जोन्स में संपत्ति कर बढ़ाया जाए

-मेट्रो रेल परियोजना के प्रस्तावित कॉरिडोर्स की मध्य रेखा से दोनों तरफ 500-500 मीटर गहराई में खाली शासकीय भूमि पर एलएमआरसी द्वारा संपत्ति विकास करते हुए अतिरिक्त धन अर्जित किया जाए

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर