विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 20, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फ्रीडम-251 के लिए जांच एजेंसियों ने शामली में डाला डेरा

By Nawal MishraEdited By:
Published: Sat, 20 Feb 2016 09:02 PM (IST)Updated: Sat, 20 Feb 2016 09:09 PM (IST)

स्मार्ट फोन फ्रीडम 251 को लांच करने वाले मोहित गोयल पर जांच का घेरा बढ़ता जा रहा है। उच्चस्तरीय जांच ...और पढ़ें

News Article Hero Image

लखनऊ। स्मार्ट फोन फ्रीडम 251 को लांच करने वाले मोहित गोयल पर जांच का घेरा बढ़ता जा रहा है। उच्चस्तरीय जांच एजेंसियों के करीब दो दर्जन लोग मोहित व उसके परिजनों के बारे में गोपनीय तरीके से जानकारी जुटा रहे है।

शामली के मंडी ज्वालागंज गांधीगंज निवासी मोहित गोयल ने तीन दिन पहले बुधवार को देश-विदेश में अब तक का सबसे सस्ता स्मार्ट फोन फ्रीडम-251 लांच किया था। मात्र 251 रुपये में फोन देने वाली मोहित की कंपनी रिंगिग बेल्स मोबाइल की दुनिया में सबसे अधिक चर्चाओं में है। हर कोई यह जानने को उत्सुक है कि इतना सस्ता स्मार्ट फोन किस तरह से आम आदमी तक पहुंचेगा। इसे लेकर लोगों में भ्रम भी है। आज दिल्ली व मेरठ से उच्चस्तरीय जांच टीम स्मार्ट फोन लांच करने वाले मोहित गोयल व उसके परिवार की गोपनीय तरीके से जांच में जुट गई है। शनिवार को शामली में अनेक स्थानों पर एजेंसी अफसर लोगों से मोहित व उसके परिजनों के बारे में जानकारी जुटाते रहे। टीम ने लोगों से मोहित व उसके परिवार की संपत्ति, कारोबार व पारिवारिक पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी जुटायी। मोहित के घर के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की गई।

बहुत जल्द मिलेगा फ्रीडम 251

रिंगिग बेल्स कंपनी के एडिशनल डायरेक्टर राजेश गोयल ने फिर कहा है कि तमाम शक और आशंकाएं निर्मूल सिद्ध होंगी और बहुत जल्द उपभोक्ताओं को मात्र 251 रुपये में ही फोन उपलब्ध कराया जाएगा। विश्व का सबसे सस्ता स्मार्ट फोन लांच करने वाले मोहित गोयल के पिता राजेश गोयल जो कंपनी के एडिशनल डायरेक्टर बताए गए हैं, शनिवार को भी रेलवे रोड स्थित अपनी किराना दुकान पर कारोबार में व्यस्त रहे। जागरण से उन्होंने कहा कि लोग कंपनी पर भरोसा रखें। मोहित ने लोगों को 251 रुपये में जो स्मार्ट फोन देने का वायदा किया है, वह जरूर पूरा होगा। जल्द ही मैन्यूफैक्चरिंग का काम शुरू हो जाएगा और बहुत कम समय में लोगों के हाथ हमारा स्मार्ट फोन पहुंचेगा। जो भी भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं, वह सब दूर हो जाएंगी और चर्चाओं पर खुद विराम लग जाएगा। दिल्ली में मोबाइल कंपनी के कार्यालय पर आयकर विभाग की छानबीन के बारे में उन्होंने अनभिज्ञता जतायी। कहा कि मोहित गोयल चार-पांच दिन में शामली आ सकता है।

कल ही संचार मंत्री से बात

राजेश गोयल ने जागरण को बताया कि शुक्रवार को दिल्ली में कंपनी के लोगों की संचार मंत्री से बात हुई है, जिसमें उन्होंने कहा है कि उनका प्रोडक्ट पसंद आता है तो फिर इस संबंध में कोई जांच नहीं होगी। उधर कंपनी के जीएम अनमोल गोयल भी शामली में माजरा रोड शांतिनगर के रहने वाले हैं। उनके पिता सुनील गोयल की दुकान भी रेलवे रोड पर है। परिजनों को केवल उसके जीएम होने का पता है और कोई जानकारी उन्हें नहीं है। मोहित गोयल की 31 जनवरी को दिल्ली की धारणा गोयल से शादी हुई है। चर्चा है कि शादी में महंगी लग्जरी कार मिली है। हालांकि इस बारे में पिता राजेश गोयल ने कोई टिप्पणी नहीं की।

उम्मीदों के बीच संशय में बुकिंग

मोहित गोयल के घर के आसपास रहने वाले लोगों ने भी बुकिंग करायी है। गांधीगंज मंडी में रहने वाले आकाश का कहना है कि उन्होंने संशय के बावजूद आनलाइन बुकिंग कराई। योगेश कोरियर का कहना है कि इतना सस्ता स्मार्ट फोन सपने वाली बात लगती है पर पता चलने पर कि कंपनी के मालिक शामली के ही हैं और उनकी ही कालोनी के हैं तो पूरी उम्मीद है फोन जरूर मिलेगा। मोहित ने शामली का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर चमकाया है, जो गर्व की बात है। विजय गोयल का कहना है कि मोहित ने कमाल का काम किया है। बस फोन हाथ में आने का इंतजार है। मोहल्ला नंदू प्रसाद निवासी विपिन गोयल, मुकेश गोयल, दयानंद नगर निवासी कृष्णगोपाल का भी यही कहनाप है। नगरपालिका के चेयरमैन अरविंद संगल ने बताया कि मोहित गोयल उनके सेंटआरसी कान्वेंट स्कूल का अनुशासित व पढ़ाई में अच्छा छात्र रहा।