यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 04, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अंतरराष्ट्रीय कॉल पर निगरानी, पाकिस्तान और सउदी पर खास नजर
आतंकी कनेक्शन सामने आने पर अंतरराष्ट्रीय कॉल की निगरानी बढ़ी है। आने-जाने वाली मोबाइल व फोन संदिग्ध कॉल से गिरोह तक पहुंचने की तैयारी है।

लखनऊ (जेएनएन)। आतंकी कनेक्शन एक बार फिर सामने आने के बाद अंतरराष्ट्रीय कॉल की निगरानी बढ़ा दी गई है। ताकि आने-जाने वाली मोबाइल व फोन संदिग्ध कॉल के जरिए आतंकी गिरोह से जुड़े लोगों तक पहुंचा जा सके।
खुफिया एजेंसी खासकर पाकिस्तान और सउदी की कॉल पर विशेष नजर रख रही है। सभी अंतरराष्ट्रीय कॉल की निगरानी बेंगलुरु, कोलकाता, चेन्नई और दिल्ली पर बने गेटवे के जरिए की जा रही है। एक-एक जिले में दो हजार इंटरनेशनल कॉल आने-जाने की सूचना है। इस बीच सरकार ने लोगों को संदेश भेजकर आगाह किया है कि संदिग्ध इंटरनेशन काल की सूचना देने और इस तरह की मिस्ड काल पर काल न करने को प्रति आगाह किया है।
यह भी पढ़ें: आइएसआइएस को सूचना देनें में झांसी एसडीएम का दफ्तर सीज
पाकिस्तान और सउदी काल 35 फीसद
इंटरनेशनल कॉल में करीब 35 फीसद पाकिस्तान व सउदी की होती है, जबकि अन्य कॉल दूसरे देशों में होती है। हालांकि टेलीकॉम कंपनियों ने आइएसडी कॉल की सुविधा अब केवल पोस्टपेड मोबाइल और लैंडलाइन फोन पर ही दे रखी है। इससे उनकी कॉल पर नजर रखना और जानकारी लेना थोड़ा आसान हो गया है। पोस्टपेड मोबाइल रखने वाले शख्स रोजाना एक से दो बार विदेश में बातचीत करते हैं। कई पीसीओ से भी इंटरनेशनल कॉल होती है। इन पर भी खुफिया एजेंसी की नजर है।
यह भी पढ़ें: रक्षाबंधनः योगी सरकार ने दिया बहनों को मुफ्त बस सेवा का तोहफा
सलीम की गिरफ्तारी के बाद अलर्ट
लश्कर-ए-तैयबा गिरोह से जुड़े आतंकी सलीम खान की गिरफ्तारी के बाद अंतरराष्ट्रीय कॉल पर नजर रखने पर जोर दिया गया। फतेहपुर, हथगाम निवासी सलीम से पूछताछ में पुलिस अधिकारियों को पता चला था कि वह इलाहाबाद में रहने वाली पत्नी, बच्चों से सउदी में रहते हुए बातचीत करता था। हालांकि इससे पहले भी इलाहाबाद का आतंकी कनेक्शन रहा है।
फूलपुर निवासी वलीउल्ला का नाम वाराणसी बम धमाके में सामने आया तो पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के दौरान हुए धमाके के लिए विस्फोटक पदार्थों की सप्लाई करने वाला भी इलाहाबाद से ही गिरफ्तार हुआ था। नैनी जेल में कई आतंकी भी बंद है।
एसएसपी इलाहाबाद आनंद कुलकर्णी ने बताया कि आतंकी समूह से जुड़े लोगों पर नजर रखने के लिए उनकी फोन कॉल पर नजर रखी जा रही है। उनकी कॉल से कई अहम सुराग मिलते हैं, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाती है। सुरक्षा एजेंसी इस पर काम कर रही है।
