यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 03, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राहुल गांधी पर अभद्र टिप्पणी करने में मेरठ के जिला कांग्रेस सचिव निष्कासित
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा के प्रयोग में मेरठ के जिला सचिव हिमांशु धींगड़ा को भी छह वर्ष के लिए बाहर का रास्ता दिखाया गया है।

लखनऊ (जेएनएन)। फेसबुक पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा के प्रयोग में मेरठ के निष्कासित जिलाध्यक्ष विनय प्रधान के एक अन्य सहयोगी जिला सचिव हिमांशु धींगड़ा को भी पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते छह वर्ष के लिए बाहर का रास्ता दिखाया गया है। इससे पहले छह पदाधिकारियों को भी निष्कासित किया जा चुका है।
प्रवक्ता आरए प्रसाद ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी मेरठ के सचिव हिमांशु धींगड़ा के खिलाफ अनुशासन समिति के चेयरमैन रामकृष्ण द्विवेदी ने प्रथम दृष्टया आरोप को सही पाते हुए दंडात्मक कार्रवाई की। हिमांशु छावनी विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार रह चुके रमेश धींगड़ा के पुत्र हैं। धींगड़ा अध्यक्ष राजबब्बर के नजदीकी माने जाते हैं।
उल्लेखनीय है कि जिला कांग्रेस कमेटी मेरठ के अध्यक्ष विनय प्रधान पर राहुल गांधी पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है। इस विवाद में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सरताज गाजी और महामंत्री- गिरधारी लाल मौर्य, अंकुर त्यागी, सचिव अनुराम शमी व इरशाद पूठी को भी निलंबित किया जा चुका है। उधर, जिलाध्यक्ष पद से विनय प्रधान को निष्कासित करने के साथ जिले में कार्यवाहक अध्यक्ष बनने को जोड़तोड़ तेज है। दावेदारों में मुगीस जिलानी, अजय त्यागी व नसीम कुरैशी के नाम शामिल है। वहीं किसी दलित नेता को भी कार्यवाहक जिलाध्यक्ष बनाने की पैरोकारी हो रही है।