यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 26, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
योगी का जवाबः आइएसआइ से अपने रिश्तों का राजफाश करें अय्यूब
पीस पार्टी अध्यक्ष डॉ.अय्यूब ने सांसद योगी आदित्यनाथ को आतंकवादी कहकर बखेड़ा खड़ा किया तो उनके आइएसआइ से संबंधों के आरोप भी सामने आने लगे।

लखनऊ (वेब डेस्क)। पीस पार्टी अध्यक्ष डॉ.अय्यूब ने गोरखपुर भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ को आतंकवादी कहकर नया बखेड़ा खड़ा किया तो उनके आइएसआइ से संबंधों के आरोप भी सामने आने लगे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लगे हाथ अय्यूब को आइएसआइ से अपने संबंधों का और आय से अधिक स्रोतों का राजफाश भी करना चाहिए। अय्यूब के साथ कभी आइएसआइ सरगना मिर्जा दिलशाद बेग के साथ संबंध भी जगजाहिर है।
योगी ने कहा कि समाज विरोधी और देशद्रोही तत्व मुझसे भय खाते हैं। ऐसे लोगों का मुझसे आतंकित होना स्वाभाविक है।हम लोगों ने दो दशक में पूर्वी उत्तर प्रदेश और भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय आइएसआइ के नापाक मंसूबों को न केवल ध्वस्त किया है, बल्कि उनके समाज एवं राष्ट्र विरोधी गतिविधियों पर काफी हद तक अंकुश भी लगाई है। चौतरफा चोट पडऩे से हितबद्ध लोगों की बौखलाहट स्वाभाविक है।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों राजनीति विवादित ओछे बयानों से भरी पड़ी है। कोई पार्टी इस मामले में खुद को पाक साफ कहने की स्थिति में नहीं है। हां भाजपा ऐसे बयानों के माममले में नेताओं पर कार्रवाई करने का दावा जरूर करती है। कुछ याद रहे कि कुछ दिन पहले भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष मधु मिश्रा ने भी अपने बयान से माहौल गर्मा दिया था। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य का कहना है कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है और मर्यादा लांघने का हक किसी को नहीं है। महिला मोर्चा की अध्यक्ष की अप्रिय वाणी को ध्यान में रखकर उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया। दयाशंकर ने अभद्र टिप्पणी की तो उनके खिलाफ कार्रवाई की गयी। मौर्य ने कहा कि यह बात दूसरे दलों को भी सोचनी चाहिए। बसपा के लोगों ने मां, बहन, बेटी की इज्जत चौराहे पर नीलाम की और बेशर्मी की हद तक लडऩे पर भी आमादा हैं। भाजपा अध्यक्ष ने मंत्री आजम खां की ओर इशारा कर पूछा कि क्या कभी किसी ने उनसे भी पूछा कि आग लगाने की भाषा क्यों बोलते हैं।
