विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 03, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आगरा में प्रदर्शनः गतिमान संचालन का मौका छिना तो रोक दी शताब्दी

By Nawal MishraEdited By:
Published: Sun, 03 Apr 2016 10:49 PM (IST)Updated: Mon, 04 Apr 2016 09:19 AM (IST)

देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस के संचालन का मौका छिनने से आगरा मंडल के रेलवे कर्मचारी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

लखनऊ। देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस के संचालन का मौका छिनने से आगरा मंडल के रेलवे कर्मचारी नाराज हैं। आज उन्होंने आगरा कैंट स्टेशन पर भोपाल शताब्दी रोक उसके सामने प्रदर्शन कर विरोध जताया। सात ट्रायल होने के बाद आगरा व दिल्ली के बीच गतिमान मंगलवार से शुरू हो रही है। आगरा मंडल के कर्मचारियों ने न केवल ट्रायल किए थे, बल्कि इसी मंडल के लोको पायलट और गार्ड को स्पेशल ट्रेनिंग देने के साथ उनका मेडिकल भी कराया गया था। लेकिन वास्तविक रूप से संचालन की बारी आई तो यह मौका दिल्ली मंडल को सौंप दिया गया है। इस फैसले के खिलाफ आज सुबह कर्मचारी यूनियनों ने आगरा कैंट स्टेशन पर प्रदर्शन किया। इस दौरान 8:04 बजे भोपाल शताब्दी प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची, तो कर्मचारियों ने उसे रोक लिया। करीब 10 मिनट तक नारेबाजी करते रहे। उनके हटने के बाद ही ट्रेन रवाना हो सकी। कर्मचारी यूनियनों का कहना है कि इसके लिए वे सोमवार को डीआरएम से भी मिलेंगे।

दिल्ली के हिस्से में केवल 48 किमी

गतिमान एक्सप्रेस के रूट में केवल 48 किमी की दूरी ही दिल्ली सेक्शन के क्षेत्र में है, जबकि 138 किमी की दूरी आगरा मंडल के क्षेत्र में है। ट्रेन की संरक्षा की जिम्मेदारी आगरा मंडल के जिम्मे अधिक रहेगी, जिससे कर्मचारी दिल्ली को गतिमान एक्सप्रेस के संचालन का जिम्मा दिए जाने पर नाराजगी जता रहे हैं। यह देश की पहली ऐसी ट्रेन होगी, जिसमें विमानों की तरह होस्टेस भी होंगी।

कल से दौड़ेगी पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन

लंबे इंतजार के बाद आखिर देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस के संचालन की घड़ी नजदीक आ गई है। मंगलवार से निजामुद्दीन-आगरा के मध्य इसका संचालन होगा। यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर बाकी सप्ताह के छह दिन चलेगी। गाड़ी संख्या 12050 निजामुद्दीन-आगरा कैंट मंगलवार सुबह 8:10 बजे निजामुद्दीन से आगरा के लिए रवाना होगी। एक घंटे 40 मिनट में निर्धारित दूरी तय कर वह सुबह 9:50 बजे आगरा कैंट स्टेशन पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 12049 शाम 5:50 बजे आगरा कैंट से निजामुद्दीन के लिए प्रस्थान करेगी और शाम 7:30 बजे वहां पहुंचेगी। अप एवं डाउन दोनों रूट पर शनिवार तक 15 फीसद सीटें बुक हो चुकी थीं। ट्रेन शुक्रवार को नहीं चलेगी, इस दिन साप्ताहिक बंदी के चलते ताज भी बंद रहता है।