विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 26, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

भाजपा का सबसे आगे रहने का दावा, बसपा-सपा को लाभ की उम्मीद

By Nawal MishraEdited By:
Published: Sun, 26 Nov 2017 08:58 PM (IST)Updated: Mon, 27 Nov 2017 08:24 AM (IST)

उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान रविवार को संपन्न हो चुका है।25 जिलों में मतदान को लेकर विपक्षी दलों ने अपनी-अपनी बढ़त के दावे किए हैं

भाजपा का सबसे आगे रहने का दावा, बसपा-सपा को लाभ की उम्मीद
भाजपा का सबसे आगे रहने का दावा, बसपा-सपा को लाभ की उम्मीद

लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान रविवार को संपन्न हो चुका है। इस चरण में 25 जिलों में मतदान को लेकर विपक्षी दलों ने अपनी-अपनी बढ़त के दावे किए हैं लेकिन जीते के दावों में भाजपा सबसे आगे है। भाजपा काफी उत्साहित है। उसने निगमों में शत-प्रतिशत और नगर पालिका व नगर पंचायतों में तीन चौथाई सीट जीतने का दावा किया है। बसपा को लाभ की उम्मीद है जबकि सपा पहले से अधिक सीटें जीतने का दावा कर रही है। रालोद की नजर में जीएसटी और नोटबंदी के कारण जनता भाजपा से काफी नाराज है।

समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी के मुताबिक सपा के प्रति मतदाताओं का सकारात्मक रुझान दूसरे चरण में भी बना रहा। समाजवादी उम्मीदवार पहले से ज्यादा सीटों पर विजयी होंगे। भाजपा के झूठे वादों से जनता ऊब चुकी है क्योंकि केंद्र व प्रदेश में सरकारें होने के बाद भी जनकल्याण की कोई प्रभावी योजना अमल में नहीं आ सकी। कानून व्यवस्था ध्वस्त है और महंगाई व बेरोजगारी जैसी समस्याएं सुरसा के मुंह की तरह बढ़ती जा रही हैं।

 

बसपा प्रवक्ता ने दावा किया कि भाजपा का रंग तेजी से उतरता जा रहा है। बसपा के प्रति आम जनता का बढ़ रहा विश्वास नगरीय निकाय चुनाव में दिखा है। दूसरा चरण भी पहले की तरह बसपा के पक्ष में रहेगा। बसपा अध्यक्ष मायावती की मजबूत व निष्पक्ष छवि का लाभ बसपा उम्मीदवारों को मिल रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता ओंकार नाथ सिंह ने दावा किया कि मतदान के रुझान से साफ है कि भाजपा का जादू नगरीय जनता पर नहीं चला है।

 

वोटर लिस्ट की गड़बडिय़ों ने साबित किया है कि प्रशासन पूरी तरह निष्पक्ष नहीं रहा। ईवीएम मशीनों की गड़बडिय़ों को भी गंभीरता से लेने की जरूरत है। राष्ट्रीय लोकदल के मीडिया प्रभारी अनिल दुबे का कहना है कि दूसरे चरण में मतदान के रुझान से यह स्पष्ट हो गया है कि जनता भाजपा से बेहद नाराज है। उसे नोटबंदी व जीएसटी का नुकसान झेलना ही पड़ेगा।

 

भाजपा सभी निगमों में जीत का दावा 

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि भाजपा को निकाय चुनाव में अभूतपूर्व सफलता मिलेगी। उन्होंने नगर निगमों में शत-प्रतिशत और नगर पालिका व नगर पंचायतों में तीन चौथाई सीट जीतने का दावा किया है।आज जारी विज्ञप्ति में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि अब तक के संपन्न हुए निकाय चुनाव के संदर्भ में जो जानकारी संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा मिली है उससे एक बात पूरी तरह साफ है कि भाजपा रिकार्ड बनाएगी।

 

महापौर की सीटों पर शत-प्रतिशत और नगर पालिका और नगर पंचायतों में तीन चौथाई से अधिक सीटों पर कमल खिलेगा। पांडेय ने बताया कि अब तक 11 नगर निगम, 122 नगर पालिका तथा 286 नगर पंचायतों में चुनाव संपन्न हो चुके हैं। उन्होंने प्रचंड बहुमत पाने का दावा किया है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।