कन्नौज में खुद से तीन गुना उम्र का दूल्हा देख लौटाई बरात
दुल्हन की उम्र करीब 16 साल की थी पर दूल्हा 55 साल से अधिक उम्र का अधेड़ निकला। यह देख दुल्हन रोने लगी और उसने शादी से इन्कार कर दिया। ...और पढ़ें
कन्नौज (जेएनएन)। सेहरा सजा कर दूल्हा शादी के लिए दरवाजे पर पहुंचा तो दुल्हन समेत परिजन खुशी से फूले नहीं समा रहे थे। मगर, यह खुशी कुछ ही पल में काफूर हो गई। काजी के कहने पर जब सेहरा हटाया गया तो दुल्हन की उम्र से तीन गुना उम्र का दूल्हा देख परिजन भड़क गए। काफी देर तक चली कहासुनी के बाद बरात लौटा दी गई।
विशुनगढ़ निवासी व्यक्ति ने बताया कि पुत्री की शादी जिला जालौन के थाना कालपी अंतर्गत टंडन गंज निवासी मोहम्मद रिजवान से तय की थी। 17 सितंबर को दुल्हन पक्ष के लोग बरात का इंतजार कर रहे थे। बरात समय पर पहुंच भी गई। बैंड की धुन पर नाचते-गाते बराती दरवाजे पर पहुंचे। दूल्हा मोहम्मद रिजवान घोड़ी पर सवार था। कुछ रस्में पूरी होने के बाद काजी ने दूल्हे से सेहरा हटाकर चेहरा दिखाने को कहा।
इस पर वह संकोच में पड़ गया। परिजनों को शक हुआ तो चेहरा दिखाने की जिद पर अड़ गए। दूल्हे के आनाकानी करने पर कुछ युवकों ने जबरन सेहरा उठा दिया। इस पर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। दुल्हन की उम्र करीब 16 साल की थी पर दूल्हा 55 साल से अधिक उम्र का अधेड़ निकला। यह देख दुल्हन रोने लगी और उसने शादी से इन्कार कर दिया।
काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा। परिजनों ने समझाने का प्रयास किया तो युवती ने फांसी लगा जान देने की धमकी दी। इस पर बरात लौट गई। यह मामला पूरे दिन इलाके में चर्चा का विषय बना रही। थानाध्यक्ष ने बताया कि ऐसी किसी घटना की जानकारी लेकर कोई नहीं आया। संभव है आपस में पंचायत के बाद मामला सुलट गया हो।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।