दयाशंकर मामलाः नसीमुद्दीन की गिरफ्तारी के लिए भिड़ीं महिलाएं
बसपा नेता नसीमुद्दीन की गिरफ्तारी की मांग लेकर भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ता आज पुलिस से टकरा गईं। धक्कामुक्की के बीच कुछ को चोटें भी आईं।
लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। बहुजन समाज पार्टी महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी की गिरफ्तारी की मांग लेकर आज भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं और पुलिस में भिड़ंत हुई जिसके चलते तीन कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें भी आयी। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने जिलाधिकारी आवास से आगे नहीं बढऩे दिया। बाद में 20 प्रतिनिधियों को राजभवन जाकर ज्ञापन सौंपने की अनुमति देकर पुलिस ने माहौल शांत कराया।
पढ़ें- दयाशंकर-मायावती प्रकरण को लेकर बलिया में अभूतपूर्व बंदी
निष्कासित भाजपा नेता दयाशंकर सिंह के परिवारीजन के लिए बसपा के प्रदर्शन में भद्दे नारे लगाने के विरोध में गुरुवार को महिला मोर्चा की हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर थीं। महामंत्री अनुपमा जायसवाल के नेतृत्व में विभिन्न जिलों में आयी महिला कार्यकर्ता प्रात: दस बजे से परिवर्तन चौक पर एकत्र होने लगी थी। वहां से करीब 11.30 बजे नारे लगाती महिला कार्यकर्ता राजभवन की ओर बढ़ीं और पहली बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। महिला पुलिसकर्मियों की संख्या कम थी इसलिए प्रदर्शनकारियों का काफिला जिलाधिकारी आवास की ओर बढ़ा तो प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। पेट्रोल पंप के सामने बनी बैरिकेडिंग पर सैकड़ों महिला पुलिसकर्मियों के साथ वाटर कैनन भी लगा दी गयी। यहां करीब आधा घंटे धक्कामुक्की और नसीमुद्दीन सिद्दीकी की विधान परिषद सदस्यता समाप्त करने व गिरफ्तार कर जेल भेजने जैसे नारे लगे। मायावती और अखिलेश को भी निशाने पर लिया गया। बुआ- भतीजे की गुंडागर्दी नहीं चलेगी, नारे लगाती महिलाओं ने बैरिकेडिंग तोड़ कर आगे बढऩे की कोशिश की तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
पढ़ें- यूपी पुलिस जिस दयाशंकर को खोज रही, वह देवघर में कर रहे पूजा
राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन में शामिल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य से वार्ता करके अधिकारियों ने 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को राजभवन जाने के लिए राजी कर लिया। लगभग दो घंटे हंगामे व नारेबाजी के बाद प्रदर्शन का पटाक्षेप हो गया। प्रवक्ता डा.चंद्रमोहन का कहना था कि प्रशासन ने कई स्थानों पर महिलाओं को रोका जिससे गोरखपुर, झांसी व कानपुर समेत कई जिलों से बसे देर से पहुंचीं। केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदर्शन के बाद ट्रामा सेंटर पहुंच घायल कार्यकर्ताओं का हाल जाना। इसके अलावा दयाशंकर सिंह की पत्नी स्वाति का हालचाल भी लेने नर्सिंग होम पहुंचे जहां स्वाति भर्ती हैं।
गाडिय़ां लखनऊ सीमा पर रोकीं
भाजपा प्रवक्ता का कहना है कि भाजपा महिला मोर्चा के इस प्रदर्शन को प्रभावित करने के लिए सरकार गलत काम कर रही है। प्रवक्ता चंद्रमोहन ने कहा कि लखनऊ की सीमा के साथ ही गोरखपुर में भी लखनऊ आ रही गाडिय़ों को रोका गया। यह सभी गाडिय़ां महिला मोर्चा प्रदर्शन में शामिल होने आ रहीं थी। चंद्रमोहन ने बताया कि प्रदर्शन रोकने के लिए गाडिय़ो को रोका जा रहा है। सीतापुर, बाराबंकी व रायबरेली की गाडिय़ो को रोका गया है।