विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 01, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

संपर्क, संवाद और संघर्ष से हासिल करें उत्तर प्रदेशः अमित शाह

By Dharmendra PandeyEdited By:
Published: Fri, 01 Jul 2016 12:42 PM (GMT+05:30)Updated: Fri, 01 Jul 2016 09:20 PM (GMT+05:30)

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को संघर्ष, संपर्क और संवाद का मंत्र दिया।

News Article Hero Image

लखनऊ (जेएनएन)। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को संघर्ष, संपर्क और संवाद का मंत्र दिया। बस्ती में गोरक्षप्रांत के दस जिलों के बूथ अध्यक्षों, सांसदों, विधायकों एवं पदाधिकारियों से मुखातिब शाह ने उन्हें इसका अर्थ भी समझाया।

शाह बस्ती में गोरक्षप्रांत के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गन्ना किसानों की बदहाली, सड़क, बिजली, भ्रष्टाचार एवं कानून व्यवस्था की समस्याओं के लिए सपा-बसपा को कठघरे में खड़ा किया। कहा कि 15 साल से प्रदेश में सपा-बसपा राज कर रहे हैं, लेकिन वे जनता को लूटकर अपनी तिजोरी भरते हैं। प्रधानमंत्री यूपी को नंबर एक राज्य बनाना चाहते हैं पर यह तभी संभव है जब यहां भी भाजपा सरकार हो। राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि वह अक्सर सवाल पूछते रहते हैं कि दो साल में मोदी ने क्या किया। वह कान खोल कर सुन लें, हमने देश को एक बोलने वाला पीएम व पारदर्शी सरकार दी है। केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश को धन देने में कोताही नहीं करती, लेकिन सपा सरकार विकास में अडंग़ेबाजी कर रही है। गोरखपुर में एम्स के निर्माण में भी भूमि की बाधा खड़ी कर रही है। सम्मेलन को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, सांसद योगी आदित्यनाथ ने भी संबोधित किया।

यह भी पढ़ें- यूपी की सत्ता अब भाजपा के हाथ होनी चाहिए: अमित शाह

यह भी पढ़ें- जागरण फोरम-भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने खूब दिये जनता के सवालों के जवाब

देखेंगे अपना दल की ताकत

शाह कल सहयोगी पार्टी अपना दल की पूर्वांचल में ताकत देखने के लिए जगतपुर में आयोजित स्वाभिमान रैली में शामिल होंगे। रैली के बाद वह जौनपुर जाएंगे जहां काशी क्षेत्र के बूथ व सेक्टर इकाई सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उधर अपना दल की सांसद अनुप्रिया पटेल ने दावा किया है कि रैली में करीब दो लाख कार्यकर्ताओं की भीड़ होगी। अपना दल के संस्थापक डॉ. सोने लाल पटेल की 67वीं जयंती पर हो रहे इस आयोजन को स्वाभिमान रैली का नाम दिया गया है।

पत्नी सोनल भी पहुंचीं

अमित शाह की पत्नी सोनल शाह भी शुक्रवार को अहमदाबाद से चार्टर्ड विमान से बनारस पहुंचीं। उन्होंने एयरपोर्ट पर मौजूद मीडिया से बातचीत से इन्कार करते हुए सिर्फ इतना कहा कि वह यहां दर्शन-पूजन के निमित्त आयी हैं। शाह भी शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बनारस पहुंचे और नगवां स्थित अमेठी कोठी में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

भारी भीड़ उमड़ी

अमित शाह के गोरक्ष प्रांत सम्मेलन में भारी भीड़ उमड़ी। मंच पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, सांसद योगी आदित्यनाथ, जगदंबिका पाल, हरीश द्विवेदी, कमलेश पासवान भी मौजूद रहे। अमित शाह के साथ ही प्रदेश प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल के साथ सांसद योगी आदित्यनाथ समेत 11 जिलों के 12 सांसद और 6 भाजपा विधायक उपस्थित रहे। इस मौके पर बस्ती की सारी सड़के भाजपामय हो गई हैं। सम्मेलन के लिए बस्ती में भारी भीड़ जमा हो गई है। इसमें गोरखपुर, बस्ती व आजमगढ़ मंडल के बूथ अध्यक्षों से अमित शाह सीधे मुखातिब रहे।