यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 20, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जानलेवा ठंड ने फिर छीनी दो जिंदगी

कौशांबी : जिले में लगातार ठंड से लोग काल के गाल में समा रहे हैं। रविवार की रात ठंड की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। सोमवार को शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। दो महीने के भीतर अब तक 17 लोग मौत के मुंह में जा चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन ठंड से मौत की बात को स्वीकार नहीं कर रहा है। इससे गरीब तबके के लोग सरकार की ओर से मिलने वाली आपदा राहत से भी वंचित हैं।
पिपरी थाना क्षेत्र के पिपरहाई निवासी रामकिशुन अपने पुत्र राजू 12 के साथ शनिवार की शाम को साइकिल से लोधौर गया था। रात को वह साइकिल से अपने पुत्र के साथ वापस आ रहा था। गांव के समीप जैसे ही पहुंचा वह नहर में गिर गया। किसी तरह पिता-पुत्र नहर से बाहर निकले। भीगने से रामकिशुन को ठंडी लग गई। रात में परिजनों ने इलाज कराया, लेकिन रामकिशुन ने दम तोड़ दिया। इसी तरह चरवा के पिपरी निवासी बाबूलाल 67 की ठंड लगने से शनिवार की रात मौत हो गई। दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। इसकी जानकारी राजस्व प्रशासन को दी गई थी, लेकिन मौके पर कोई नहीं आया। अब तक 17 लोगों की ठंड से मौत हो चुकी है। लेकिन जिला प्रशासन की फाइल से मौत का आंकड़ा शून्य है। जिला प्रशासन यह स्वीकारने को तैयार नहीं है कि जनपद में ठंड से किसी की मौत हुई है। यही वजह है कि मौत का शिकार हुए लोग सरकारी इमदाद से वंचित रह गए। प्रशासन के इस रवैये से लोगों में नाराजगी है।
-------------------
डाक्टरी व पीएम रिपोर्ट मांग रहा प्रशासन
कौशांबी : ठंड से मौत की पुष्टि जिला प्रशासन तभी करेगा जब तक डाक्टरी रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मुहैया कराई जाएगी। इसके बाद ही जिला प्रशासन ठंड से मौत के मामले में कार्रवाई करेगा। अब तक 17 लोगों की मौत ठंड से हुई है। परिजनों ने मौत का शिकार हुए लोगों की लाशों का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। यही कारण है कि प्रशासन ठंड से मौत होने की पुष्टि नहीं कर रहा है।
------------------
तहसील प्रशासन ने भी मूंद रखी है आंख
कौशांबी : गांवों में आपराधिक घटनाओं को छोड़कर सभी मामलों में राजस्व प्रशासन जांच पड़ताल करता है। अग्निकांड, आकाशीय बिजली, ठंड से मौत, भूख से मौत आदि मामलों में राजस्व प्रशासन जांच कर अपनी रिपोर्ट अफसरों को देते हैं। सूचना पर ही टीम पहुंच जाती है। लेकिन ठंड से हो रही मौतों के मामले में तहसील प्रशासन ने चुप्पी साध रखी है।
--------------------
ठंड से मौत की अभी तक तहसील प्रशासन ने जानकारी नहीं दी है। यदि तहसील से रिपोर्ट मिलती है तो पीड़ित परिवार की मदद की जाएगी।
बाबूराम-अपर जिलाधिकारी
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
