यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 08, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आइएसआइ व सिमी एजेंटों का पनाहगार है कानपुर
आयुध सैन्य के साथ ही प्रौद्योगिकी संस्थान, एयरपोर्ट और गैस प्लांट सरीखे अहम संस्थानों की वजह से कानपुर स्लीपिंग माड्यूल्स की पाठशाला बन गया है।

कानपुर (जेएनएन)। आयुध सैन्य के साथ ही प्रौद्योगिकी संस्थान, एयरपोर्ट और गैस प्लांट सरीखे अहम संस्थानों की वजह से कानपुर स्लीपिंग माड्यूल्स की पाठशाला बन गया है। खुफिया रिपोर्टो और शहर में पकड़े गये पाकिस्तान एजेंट और नक्सली इसकी पुष्टि करते हैं जिन्हें जासूसी की पाठ पढ़ाने के लिए इस शहर मे भेजा जाता है। इसकी कड़ी में चकेरी में पकड़े गए संदिग्ध आतंकी सगे भाई फैसल और इमरान इसका सबूत है। वहीं रहमानी मार्केट में संदिग्ध आतंकी शकील को भीड़ का छुड़ाना इसका नतीजा।
विस्फोट बयां करते हैं यहां की संवेदनशीलता
वर्ष 1995 में घंटाघर चौराहे पर साइकिल पर लदे बमों में विस्फोट के बाद 2001 में आर्य नगर चौराहे पर एक मकान में कुकर बम फटने के बाद शहर में आतंकी संगठनों के होने के संकेत मिले। एटीएस से सिमी (स्टूडेंट््स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया) से जुड़े कई लोगों को दबोचा लेकिन नतीजा शून्य निकला। 2006 में रोशन नगर में हुए बम ब्लास्ट में 9 लोगों की मौत के बाद लोग बुरी तरह दहशत में आ गए। एटीएस (एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉयड) ने बिठूर, सचेंडी और बाबूपुरवा से सात लोगों को गिरफ्तार किया। इसी बीच 2008 में राजीव नगर विस्फोट में दो लोगों की मौत और बजरंग दल के पूर्व संयोजक भूपेंद्र सिंह का नाम आने के बाद हंगामा हो गया। पुलिस केस को खोल न सकी और 28 जनवरी 2011 में फाइनल रिपोर्ट लगा दी। दूसरी तरफ नजीराबाद में 2009 में विस्फोट में बच्ची की मौत और 2010 में कल्याणपुर के बारासिरोही में 5 लोगों की मौत के बाद भी पुलिस ने सतर्कता बरतने के बजाय इन्हें अवैध पटाखा बनाने के दौरान हुआ हादसा करार दिया। वहीं 4 मई 2011 में रावतपुर से किदवई नगर जाने वाले टेंपों में टिफिन बम मिला। इस मामले में घातक विस्फोट की पुष्टि हुई लेकिन जांच अंजाम तक नहीं पहुंची।
कानपुर में पकड़े गये मुख्य आइएसआइ एजेंट
- 11 सितंबर 2009 को आइएसआइ एजेंट इम्तियाज सचेंडी से गिरफ्तार।
- 27 सितंबर 2009 को बिठूर से आइएसआइ एजेंट वकास की गिरफ्तारी।
- 18 सितंबर 2011 को रांची के दुर्बा के आइएसआइ एजेंट फैसल रहमान उर्फ गुड्डू को एटीएस ने भारत की गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तान भेजने के आरोप में रेलबाजार से किया गिरफ्तार।
- जुलाई 2012 में सेंट्रल स्टेशन से फिरोज नाम के संदिग्ध की गिरफ्तारी।
- अप्रैल 2014 को पटना में विस्फोट करने वाले एक संदिग्ध को पनकी स्टेशन के पास से एटीएस ने पकड़ा।