यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 21, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड से मौतों का सिलसिला जारी, एक और मौत

छिबरामऊ, संवाद सहयोगी : मुख्यमंत्री की पत्नी के संसदीय क्षेत्र में ठंड से मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार को भोला नगरिया गांव में एक महिला ने ठंड से दम तोड़ दिया। अब तक यहां आधा दर्जन से अधिक लोगों की ठंड से मौत हो चुकी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भोला नगरिया निवासी सियाराम यादव की पत्नी सुरजा देवी की तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजन उपचार के लिए अस्पताल ला रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मृतका के परिजन ठंड से मौत होने की बात कह रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक सियाराम की आर्थिक स्थिति खराब है। सर्दी लगने की वजह से ही उसकी पत्नी की मौत हुई है। गौरतलब है कि इससे पहले बहबलपुर गांव में जगदीश चंद्र नागर की मौत भी ठंड के चलते हो गई थी। इसके बाद भी अभी तक प्रशासनिक अधिकारी ठंड से मौत होने की बात स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उपजिलाधिकारी आशुतोष कुमार राय ने बताया कि उन्हें इस तरह की सूचना मिलती है तो वह मौके पर लेखपाल को भेजकर जांच करवाते हैं, लेकिन अभी तक ठंड से मौत का कोई मामला सामने नहीं आया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
