यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 20, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नहीं रुक रहा ठंड से मौत का सिलसिला, एक और ने दम तोड़ा

सौरिख, संवाद सूत्र : जिले में एक के बाद एक हो रही ठंड से मौत का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है, लेकिन प्रशासन इस ओर कतई मुस्तैद नहीं है। प्रशासन को यह भी चिंता नहीं है कि 21 तारीख को मुख्यमंत्री का दौरा जिले में लगा हुआ है अगर उन्होंने इस ओर अपना ध्यान केंद्रित कर दिया तो प्रशासन का क्या होगा। शनिवार को खेत से लौटे अधेड़ की अचानक तबीयत खराब होने पर परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की।
क्षेत्र के ग्राम नगला भजू निवासी बनवारी लाल पाल का पुत्र विश्राम सिंह (50) शनिवार शाम को खेत से लौटा था। अचानक उसकी हालत बिगड़ गई और वह अचेत हो गया। परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक देर रात्रि रास्ते में विश्राम सिंह की मौत हो गई। मृतक के पुत्र ने बताया कि बरसात में उनके खेत में पानी भर गया था। दिनभर उसके पिता खेत में पानी निकालते रहे। इसी दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई थी और ठंड लगने की वजह से उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना उपजिलाधिकारी को दी। जिस पर क्षेत्रीय लेखपाल रामेंद्र सिंह पाल मौके पर पहुंचे और घटना के बाबत परिजनों से पूछताछ की। एसडीएम ने बताया कि लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
