यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 19, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड से एक और मौत

छिबरामऊ, संवाद सहयोगी : सीएम के फोकस वाले जिले में ठंड से मौत का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को बारिश के बाद हुई ठंड ने एक और जान ले ली। बहबलपुर में मवेशी चराने गए अधेड़ ठंड की चपेट में आ गया और उसने खेत पर ही दम तोड़ दिया। उधर से गुजर रहे ग्रामीणों की सूचना पर परिजनों को उसका शव खेत में पड़ा मिला। ठंड से मौत होने की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। अब तक जिले में ठंड से करीब आधा दर्जन मौतें हो चुकी हैं। वहीं किसी शव का पोस्टमार्टम नहीं हुआ है।
क्षेत्र के ग्राम बहबलपुर निवासी जगदीश चंद्र नागर (49) शुक्रवार शाम को मवेशी चराने के लिए ग्राम अतिराजपुर की तरफ गए थे। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। जगदीश के पुत्र राजू ने खोजबीन की तो देर रात उधर से गुजर रहे अतिराजपुर के ग्रामीणों ने शव खेत में पड़े होने की सूचना दी। परिजन उसके शव को घर ले आए। सपा जिला सचिव वीरेंद्र सिंह गिहार ने घटना की सूचना जिलाधिकारी को दी। शनिवार सुबह डीएम के निर्देश पर उपजिलाधिकारी आशुतोष कुमार राय, तहसीलदार रामस्वरूप वर्मा, नायब तहसीलदार अवनीश कुमार, राजस्व निरीक्षक गया सिंह राजपूत व लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष इंद्रपाल सिंह यादव मौके पर पहुंचे। परिजनों ने एसडीएम को बताया कि जगदीश की मौत ठंड के चलते हुई है। वहीं मृतक के परिजनों ने उसका पोस्टमार्टम नहीं कराया। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने उसे आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। मृतक की माली हालत काफी खराब है और वह भूमिहीन है। एसडीएम आशुतोष कुमार राय ने बताया कि मृतक के आश्रितों को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना एवं मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने राजस्व निरीक्षक को सभी प्रपत्र तैयार करवाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि उन्होंने ठंड से मौत न होने की बात कही। इससे पहले ठंड से क्षेत्र में हुई मौतों पर उन्होंने कहा कि जानकारी मिलने पर सभी स्थानों पर क्षेत्रीय लेखपाल व तहसीलदार को भेजकर जांच कराई गई है। ठंड से मौत होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
ठंड से हुई अब तक मौत
04 जनवरी : सौरिख के मुहल्ला किदवई नगर निवासी इरफान अली (48) पुत्र इश्हाक अली की ठंड लगने से मौत हो गई थी।
05 जनवरी : ग्राम रकरा निवासी मायादेवी (45) पत्नी बाबूराम की ठंड लगने से बीमार होने के बाद मौत हो गई थी।
07 जनवरी : मुहल्ला आवास विकास कालोनी निवासी रामप्रसाद अवस्थी की पत्नी प्रेमा देवी की ठंड लगने से मौत हो गई।
11 जनवरी : ग्राम भोला नगरिया निवासी नेत्रपाल सिंह (65) की शनिवार रात्रि में ठंड लगने से मौत हो गई।
13जनवरी : सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम मुरैयां बुजुर्ग में आसिफ (11) की ठंड से रात में मौत हो गई।
15 जनवरी : सौरिख क्षेत्र के ग्राम हविलिया निवासी पंचम लाल पाल (50) की खेत में खड़ी आलू की फसल देखने के बाद वापस लौटने पर मौत हो गई थी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
