विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 16, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ठंड का कहर जारी, एक की मौत

By Edited By:
Published: Thu, 16 Jan 2014 08:12 PM (IST)Updated: Thu, 16 Jan 2014 08:39 PM (IST)

News Article Hero Image

कन्नौज, जागरण संवाददाता : पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के कारण मैदानी इलाके ठंड से कांपने लगे हैं। अब तो ठंड ऐसी है कि लोगों को रजाई में भी राहत नहीं मिल रही है। लोगों को चौथे दिन भी धूप के दर्शन नहीं हुए। वहीं सौरिख में आलू के खेत से लौटे अधेड़ अचानक तबियत खराब हो जाने से मौत हो गई। परिजन ठंड लगने से मौत होने की बात कह रहे हैं।

हर दिन की तरह गुरुवार सुबह भी घने कोहरे के साथ हुई। करीब 11 बजे तक कोहरे की धुंध छाई रही। इससे जीटी रोड पर वाहन रेंगते हुए दिखाई दिए। वाहन चालकों को दिन भी में हेडलाइट जलाकर यात्रा करनी पड़ी। वहीं हल्की हवा चलने के कारण लोगों को और भी ज्यादा ठंड लगने लगी। लोगों को सबसे ज्यादा गलन परेशान कर रही थी। ऐसे मौसम का असर बाजारों में भी साफ दिखाई दे रहा था। दोपहर में भी सन्नाटा था। शहर में ठंड का आलम यह था कि एनसीसी कैडेट्स गणतंत्र दिवस परेड की तैयारी के लिए पुलिस लाइन जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही ठंड से वह बेहाल हो गए और लोहिया तिराहे पर जल रहे अलाव को तापकर ही उन्हें राहत मिली।

उधर सौरिख के क्षेत्र के ग्राम हविलिया निवासी पंचम लाल पाल (50) बुधवार शाम खेत में खड़ी आलू की फसल देखने गए थे। रात में वहां से लौटने के बाद उन्होंने सीने में दर्द होने की बात परिजनों से कही। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लाये, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि रात्रि में ठंड लग जाने की वजह से उनकी मौत हो गयी है। परिजनों ने मामले की सूचना प्रशासन को दी, जिस पर क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर जांच की। एसडीएम आशुतोष कुमार राय ने कहा कि उन्हें ऐसी कोई सूचना नहीं दी गई है। आवश्यक कार्रवाई के बाद ठंड से मौत होने की पुष्टि पर अर्थिक सहायता दिलवाई जाएगी।

अलाव जलवाने की मांग

गुरसहायगंज : गुरुवार को सड़कों पर जल रहे अलाव के इर्दगिर्द लोग जमा रहे। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। जरूरत से ही लोग घरों से बाहर निकले। हाड़कंपाऊ सर्दी में खुले माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौ से बारह तक के विद्यार्थियों की संख्या नगण्य रही। धंधा-व्यापार भी जाड़े के चलते प्रभावित रहा। उद्योग व्यापार मण्डल के युवा नगर अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने पालिकाध्यक्ष राधा गुप्ता से नगर के चकोर रोड स्थित पशुपति नाथ मंदिर सहित सभी सार्वजनिक अलाव जलवाये जाने की मांग की है। पालिकाध्यक्ष राधा गुप्ता का कहना है कि नगर में अलाव जलवाये जा रहे है।

इनसेट

स्टेशन पर ठिठुरते यात्री

कन्नौज रेलवे स्टेशन पर अलाव न जलने के कारण वहां ट्रेनों के इंतजार में बैठे यात्री ठिठुरते हुए दिखाई दिए। यात्रियों की सुविधा के लिए न तो रेल प्रशासन ने कोई ध्यान दिया और न ही जिला प्रशासन ने। जबकि रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने के निर्देश दिए जा चुके हैं, उसके बावजूद लापरवाही बरती जा रही है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर