यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 31, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड से एक और मौत, परिवार बिखरा

मानीमऊ, अंप्र : मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के फोकस वाले जिले में बजट व योजनाओं की कमी नहीं है। वहीं जिला मुख्यालय से पांच किमी दूर स्थित मकदूमापुर गांव में एक और गरीब अधेड़ ने मूलभूत सुविधाओं से वंचित होने पर ठंड में दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी समेत छह बच्चों को छोड़ गया है। घर में कमाई का जरिया न होने से यह परिवार पूरी तरह बिखर गया है। हालांकि जिला प्रशासन ठंड से मौत होने की बात को गलत बता रहा है। ज्ञात हो कि अभी दो दिन पहले ही तिर्वा के एक व्यक्ति की ठंड लगने से मौत हो चुकी है।
सदर तहसील क्षेत्र के मानीमऊ ग्राम पंचायत के मजरा मकदूमापुर निवासी शमीम (40) की सुबह आठ बजे ठंड लगने से मृत्यु हो गई। क्षेत्र में ठंड से अधेड़ की मृत्यु की खबर फैलते ही सदर उपजिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला व लेखपाल दुर्गेश कुमार मौके पर पहुंच गए। मृतक के घर की हालत देखकर वह भी दंग रह गए। उन्होंने मृतक के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए अपने पास से 2,000 रुपये दिए। इसके अलावा गांव के ही नीलेन्द्र तोमर ने 500 रुपये दिए। जिला प्रशासन ने साथ ही मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता कोष व पारिवारिक लाभ के तहत पीड़ित के परिजनों को लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा कोटेदार को गरीब के परिवार को खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। हालांकि जिला प्रशासन ने अधेड़ की ठंड से मृत्यु न होने की बात कही है। मृतक की अचानक हुई मौत से पूरा परिवार बिखर गया है। इसकी मुख्य यह है कि परिवार में आमदनी का कोई जरिया नहीं है।
कोई भी योजना का नहीं मिला लाभ
मकदूमापुर निवासी शमीम ने गांव में रोजगार प्राप्त करने के लिए जॉबकार्ड बनवाने का प्रयास किया, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। इसी तरह उसने राशन कार्ड व इंदिरा आवास आदि का लाभ लेने के लिए कई बार आवेदन किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। गरीबों को दिए जाने वाले कंबल भी उसे नहीं दिए गए। कच्चा मकान होने पर पीड़ित परिवार तिरपाल आदि डालकर ठंड का बचाव कर रहा था। इसके बाद भी अधिक ठंड होने पर परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
