यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 27, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जौनपुर में पुल से गिरी कार- पति की मौत, पत्नी व दो बच्चे घायल
हादसा होते ही वहां चीख पुकार मच गई कंटेनर चालक व खलासी निकल कर फरार हो गए, कार सवार उसी में फंसे रहे।

जौनपुर (जेएनएन)। वाराणसी की ओर जा रही तेज रफ्तार कार रविवार की रात बक्शा थानांतर्गत धनियामऊ नाले के पुल से नीचे गिर गई। पीछे से आ रहा एक कंटेनर भी उसी के ऊपर जा गिरा। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी और दो बच्चे घायल हो गए। खबर लगते ही पहुंची पुलिस ने जेसीबी से कंटेनर को कार पर से हटाया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। कंटेनर चालक और खलासी फरार हो गए।
वाराणसी के नाटी इमली के रहने वाले शरद कुमार 39 पत्नी प्रगति, सात वर्षीय बेटे सोदा व चार वर्षीय बेटी शामली के साथ देर रात लखनऊ से कार द्वारा घर जा रहे थे। कार को शरद ही चला रहे थे। उनके पीछे ही एक कंटेनर भी आ रहा था। कार जैसे ही धनियामऊ पुल के पास पहुंची वे पुल और मोड़ नहीं देख सके। जिससे कार सीधे पुल के नीचे चली गई। कंटेनर भी कार का पीछा करते हुए पुल के नीचे उसी के ऊपर जा गिरा।
हादसा होते ही वहां चीख पुकार मच गई। कंटेनर चालक व खलासी निकल कर फरार हो गए। कार सवार उसी में फंसे रहे। उधर से गुजर रहे एक व्यक्ति की नजर पड़ी तो उसने चौकी इंचार्ज आफरोज आलम को सूचना दी। खबर लगते ही वहां टीम पहुंच गई। दो जेसीबी मशीन लगा कर कंटेनर को कार से हटाया गया।
यह भी पढ़ें: अभिनंदन कार्यक्रम में बीएचयू पहुंचे वीसी जीसी त्रिपाठी, छात्रों का हंगामा
बुरी तरह से जख्मी महिला और बच्चों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। तब तक खबर पाकर एएसपी ग्रामीण संजय राय भी वहां पहुंच गए। काफी प्रयास के बाद शरद कुमार को वाहन से बाहर निकाल कर पीएचसी भेजा गया लेकिन चिकित्सकों ने व मृत घोषित कर दिया।