यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 20, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Acid attack: जौनपुर के तहसील परिसर में पत्नी को तेजाब से नहलाया
जौनपुर के केराकत तहसील परिसर में एक व्यक्ति ने पत्नी को तेजाब से नहला दिया। झुलसी पत्नी को उपचार के लिए वाराणसी भेजा गया है।

जौनपुर (जेएनएन)। केराकत तहसील परिसर में शनिवार को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को तेजाब से नहला दिया। बुरी तरह झुलसी पत्नी को उपचार के लिए वाराणसी भेजा गया है। तेजाब के छींटे पडऩे से अधिवक्ता समेत अन्य लोग भी झुलस गए।चंदवक थाना क्षेत्र के अमिलिया गांव निवासी मोहन विश्वकर्मा को आजमगढ़ के तरवां थानांतर्गत मोकलपुर गांव निवासी अपनी सगी बुआ मीरा देवी की पुत्री खुशबू से प्रेम हो गया था। चार वर्ष पूर्व दोनों भाग कर भोपाल चले गए और वहीं शादी भी कर ली। दोनों वहीं स्टेशन के पास किराए के एक मकान में रहने लगे। करीब डेढ़ माह बाद लड़की की मां ने यह कहकर दोनों को बुला लिया कि आ जाओ, तुम्हारी शादी धूमधाम से कराई जाएगी। इसपर दोनों वापस घर आ आए।
तस्वीरों में देखें-यूपी की राजधानी में योगी का एक्शन
कुछ दिन बीतने के बाद भी शादी नहीं हुई तो मोहन ने बुआ से पूछा। उन्होंने पैसे की तंगी का हवाला देकर बात टाल दी। इसके बाद मोहन कमाने के लिए मुंबई चला गया। इसी बीच किसी ने फोन कर मोहन को सूचना दी कि खुशबू ने दूसरी शादी कर ली है। इसपर मोहन गुस्से से पागल हो गया। उसने सबक सिखाने की ठानी। बुआ को फोन कर कहा कि जब आपने अपनी बेटी की शादी दूसरे से कर ही दी है तो मैं उसे खुशी-खुशी तलाक दे दूंगा, मैं आ रहा हूं। जब वह तहसील परिसर में घुसा तब एक थर्मस में तेजाब भी लेता आया। तहसील में उसकी मां दुलारी देवी, पत्नी व बुआ पहुंची हुई थीं। जब सुभाषचंद के यहां तलाकनामा लिखा जाने लगा तभी अचानक मोहन ने थर्मस का तेजाब पत्नी के सिर पर उड़ेला और भाग निकला।
तस्वीरों में देखें-चढ़ते सूरज की गर्मी से बढ़ते लोग
इधर खुशबू तो झुलसी ही, वकील बृजेश प्रताप सिंह, मुवक्किल सुधीर कुमार कनौरा, स्टांप वेंडर अरुण कुमार उपाध्याय भी आंशिक रूप से झुलस गए। मोहन को भागते देख अन्य वकीलों ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर तहसीलदार पीके राय भी बाहर आ गए। सूचना दी गई लेकिन पुलिस नहीं आई। कुछ लोग खुशबू को लेकर सीएचसी भागे जहां उसकी नाजुक हालत देख उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। इससे आक्रोशित अधिवक्ता आरोपी को पीटते हुए कोतवाली ले गए। यहां पुलिस की उदासीनता पर नारेबाजी भी हुई। अंतत: पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी भेजा।