विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जानलेवा हुई ठंड, चार की मौत

By Edited By:
Published: Fri, 17 Jan 2014 07:07 PM (IST)Updated: Fri, 17 Jan 2014 07:09 PM (IST)

News Article Hero Image

जौनपुर : ठंड अब जानलेवा हो गई है। इसके चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। मौसमविद् का दावा है कि शुक्रवार की सुबह तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। कोहरे के कारण दिनभर भगवान सूर्य का दर्शन नहीं हुआ जिससे जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त रहा।

मीरगंज थाना क्षेत्र के असवां गांव निवासी रामसजी (60) दोपहर किसी कार्य से खेत की ओर जा रही थी। अचानक उन्हें तेज ठंड महसूस होने लगी। जिस पर वह वापस लौटकर घर चली आई और बिस्तर पर लेट गई। परिवार के लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक उनकी मौत हो गई।

जफराबाद थाना क्षेत्र के हौंज गांव निवासी शमला देवी (80) सुबह शौच करने के लिए घर से निकली थी। जिन्हें ठंड लग गई। परिवार के लोग उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि मौत हो गई। उधर अहमदपुर गांव निवासी रिक्शा चालक प्रधान (22) गुरुवार की शाम घर आया। परिवार के लोगों से ठंड लगने की बात बताया और अलाव तापने के बाद सो गया। सुबह देर तक नहीं उठा तो परिवार के लोग उठाने के लिए गए जहां वह बिस्तर पर मृत मिला।

केराकत कोतवाली क्षेत्र के गोबरा गांव निवासी प्यारी देवी (50) पत्नी नंदू को गुरुवार को ठंड लग गई जिसे उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

अधिवक्ता को लगी ठंड

दीवानी न्यायालय में शुक्रवार को अधिवक्ता फूलचंद्र शुक्ला को ठंड लग गई। जिन्हे साथी अधिवक्ता आनन-फानन में उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराए। दीवानी में अलाव की व्यवस्था न कराए जाने को लेकर अधिवक्ताओं में काफी आक्रोश व्याप्त है।

तापमान पर एक नजर

रात में कोहरे के कारण आद्रता 46 डिग्री सेल्सियस बढ़ गई जिसके कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। सुबह तक तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दोपहर में स्थिति कुछ सामान्य हुई और औसत तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस तक गया, किंतु दोपहर बाद से अचानक तापमान में गिरावट आई। देर शाम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

आज खराब हो सकता है मौसम

पूर्वाचल विश्वविद्यालय में पर्यावरण विज्ञान के प्रवक्ता डा.सुधीर उपाध्याय का दावा है कि 18 जनवरी को मौसम काफी खराब हो सकता है। उन्होंने बताया कि कोहरे के साथ हल्की बारिश होने की आशंका है।

कोहरे ने रोकी ट्रेनों की रफ्तार

कोहरे के कारण कई ट्रेनें निर्धारित समय से विलंब से गुजरी। जौनपुर जंक्शन के प्रभारी अधीक्षक वीएन मिश्रा ने बताया कि पटना एक्सप्रेस और फरक्का एक्सप्रेस निर्धारित समय से सात घंटे, ताप्ती गंगा एक्सप्रेस चार घंटे विलंब से जंक्शन से गुजरी है। इसके अलावा कई अन्य ट्रेनें डेढ़ घंटे तक विलंब से गुजरी।

सिकुड़े रहे मुलाकाती

जिला कारागार के समीप अलाव की व्यवस्था नहीं की गई। यहां रोजाना विभिन्न आरोपों में बंद लोगों से मिलने के लिए लोग आते हैं जिन्हें सुबह से ही लाइन लगानी पड़ती है। कुछ ऐसा ही शुक्रवार की सुबह देखने को मिला। जिला कारागार में अपनों से मिलने के लिए दूर दराज से महिलाएं आई हुई थीं। कारागार के आसपास अलाव की व्यवस्था न होने से वे सिकुड़ने को विवश थीं।

इंटर तक के विद्यालय बंद

जौनपुर : जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने भीषण ठंड के बीच हल्की बारिश होने पर इंटर तक के सभी विद्यालय शनिवार को बंद करने का आदेश दिया है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर