यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 22, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रेल क्रासिंग पर ट्रक का धूरा टूटा, खड़ी रहीं वैशाली समेत तीन ट्रेनें
जागरण संवाददाता, मुंडेरा बाजार, गोरखपुर : चौरीचौरा रेलवे स्टेशन से एक किमी पूरब गोरखपुर-देवरिया मार्

जागरण संवाददाता, मुंडेरा बाजार, गोरखपुर : चौरीचौरा रेलवे स्टेशन से एक किमी पूरब गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर स्थित निबिहवा रेलवे क्रासिंग पर गुरुवार सुबह 10.15 बजे गिट्टी लदे दस चक्का ट्रक का पिछला धूरा ट्रैक के अप लाइन पर टूट गया। इस वजह से गोरखपुर-देवरिया मार्ग व अप रेलवे टै्रक सवा तीन घंटे बाधित रहा। क्रासिंग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। ट्रक को आरपीएफ व चौरीचौरा पुलिस ने क्रेन से हटवा कर उसे कब्जे में ले लिया। इस दौरान वैशाली सहित तीन ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहा।
झांसी से गिट्टी लादकर देवरिया जा रहे ट्रक का धूरा निबिहवा रेलवे क्रासिंग पार करते समय टूटकर अलग हो गया। इसकी सूचना तत्काल गेटमैन जमुना ने रेलवे स्टेशन को दी। इसके बाद चौरीचौरा पुलिस व आरपीएफ देवरिया के सब इंस्पेक्टर विजय कुमार यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोपहर 1 बजकर 40 मिनट पर ट्रक को क्रेन ने हटाया गया। इसके बाद सड़क व रेल मार्ग से आवागमन शुरू हुआ। आरपीएफ देवरिया ट्रक चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही थी।
तीन ट्रेनें हुई प्रभवित : डाउन 2554 वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस करीब 50 मिनट तक चौरीचौरा स्टेशन पर खड़ी रही। साढ़े दस बजे से डेढ़ बजे तक इंटरसिटी व पूर्वाचल एक्सप्रेस गौरी बाजार रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।
