यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 23, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अल्पसंख्यकों को भी रास आए मोदी

जागरण संवाददाता, गोरखपुर : विकास के मुद्दों के जरिये जनता के जेहन में उतरने वाले नरेंद्र मोदी अल्पसंख्यकों को भी रास आ रहे हैं। मानबेला से लेकर महाराजगंज तक के अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों ने रैली में पहुंचकर नरेंद्र मोदी को सुना और माना कि उनकी दूरदर्शिता से ही देश का विकास हो सकता है। वहीं मंच से योगी आदित्यनाथ भी मानबेला के अल्पसंख्यकों का जिक्र करना नहीं भूले।
रैली स्थल पर जुटे अल्पसंख्यकों से दैनिक जागरण ने बातचीत की, जिसमें उन्होंने माना कि विकास की राजनीति से ही उत्तर प्रदेश समेत समूचे देश का विकास होगा।
मानबेला के मतीउल्लाह ने कहा कि मोदी को सुनने आया हूं। उनके पास किसानों का भविष्य संवारने की योजना है, तो जाति-धर्म से दूर होकर हर वर्ग का विकास करने का उद्देश्य।
महराजगंज के मकबूल्ला ने कहा कि साहब, मोदी के विजन को सुनने आया हूं। यकीन जानिए पीएम बनने के बाद यह विजन पूरा होगा।
अकबर अली ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने कहकर नहीं, बल्कि विकास करके दिखाया है। गुजरात किसी से छिपा नहीं है, इसलिए हमारी गोरखनाथ की भूमि पर मोदी अपनी बात कहने आए हैं और मैं उन्हें सुनने।
वहीं बगल के मोहल्ले से पहुंची सुभावती व सावन भी मोदी के भाषण से उत्साहित दिखे और कहा कि अपनी कही बातों पर मोदी अक्षरश: सही साबित होंगे।
एक प्रशंसक ऐसा भी
गोरखपुर : नरेंद्र मोदी की विजय शंखनाद रैली में मोदी के प्रशंसकों का भी जवाब नहीं, सब अलग-अलग तरीके से मोदी की प्रशंसा कर रहे थे। इसमें से एक ऐसा भी प्रशंसक था, जिसने उत्तर प्रदेश में हुई विजय शंखनाद की छह रैली में से तीन में हिस्सा लिया। आजमगढ़ के श्याम प्रसाद गौड़ मोदी की वाराणसी, बहराइच व गोरखपुर रैली में खुद के खर्चे से पहुंचे। पूछने पर बताया कि मोदी से प्रेम है, इसलिए स्वयं के खर्च पर पहुंचता हूं। मोदी की अगली रैलियों में भी पहुंचूंगा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
