विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 03, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ठंड का सितम , छात्रा समेत तीन की मौत

By Edited By:
Published: Mon, 03 Feb 2014 07:44 PM (IST)Updated: Mon, 03 Feb 2014 07:46 PM (IST)

News Article Hero Image

गाजीपुर : बीते 24 घंटों में ठंड ने दस वर्षीय छात्रा समेत तीन लोगों की जान ले ली। रविवार की रात से ही कोहरे की चादर ने पूरे क्षेत्र को अपनी आगोश में ले लिया। ठंड और गलन से मनुष्य, पक्षी, पशु सभी पनाह मांग रहे हैं। दोपहर में भगवान भास्कर के दर्शन के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

सरकारी कार्यालयों में अपेक्षाकृत उपस्थिति कम ही रही। कर्मचारी व फरियादी बाहर निकल धूप सेंकते नजर आए। स्कूल जाने वाले बच्चे सुबह वाहनों के इंतजार में ठिठुरते दिखे। दिलदारनगर स्टेशन पर 65 वर्षीय अज्ञात वृद्ध की ठंड से मौत हो गई। चौकी प्रभारी शिवप्रसाद सिंह ने बताया कि वृद्ध स्टेशन पर अक्सर भीख मांगता दिखता था।

वहीं नोनहरा थाना क्षेत्र के शक्करपुर स्थित पक्काइनार निवासी हरेंद्र यादव (40) बस पर सवार होकर जिला मुख्यालय आ रहे थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। रौजा स्टैंड पर उतरते ही वह गिर पड़े। उनको जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने इसकी सूचना उनके परिजनों को दी। इसी तरह नोनहरा थाना क्षेत्र के ही रोहिली गांव निवासी हेमा (10) की सुबह ठंड से मौत हो गई।

परिवार वालों के अनुसार हेमा गांव के प्राथमिक स्कूल में पांचवीं की छात्रा थी। वह सुबह स्कूल जाने की तैयारी कर रही थी कि अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। चिकित्सक के यहां ले जाते समय छात्रा की मौत हो गई।

इस बीच शहर में घना कोहरा होने के कारण सुबह सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। कोहरा के कारण लोगों को रास्ता नहीं दिख रहा था। सूरज निकलने के बाद लोगों ने धूप का आनंद लिया। कार्यालयों में बाबूओं के न होने के कारण दूरदराज से आए लोगों को इंतजार करना पड़ा।

जमानियां : कोहरा से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। इसका असर ट्रेनों के परिचालन पर भी पड़ा। मुहम्मदाबाद : गलन भरी ठंड कम होने के बजाय बढ़ती ही जा रही है। ठंड से आम लोगों के साथ पशु-पक्षी भी बेहाल हो गए है। गलन से आलू व टमाटर के पौधे पूरी तरह से झुलसा रोग की चपेट में आ गए है। अधिकतर किसान टमाटर के पौधों को उखाड़ना शुरू कर दिए है। आलू के पौधों का विकास ठहर गया है। इससे पैदावार कम होने की आशंका जताई जा रही है। लोगों को समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर मौसम कब दुरूस्त होगा।

मौसम खराब होने के बावजूद छोटे बच्चों के विद्यालय बंद नहीं किए गए है। सुबह विद्यालय जाने में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भांवरकोल : गलन के चलते टमाटर की खेती में लगे किसानों की मुसीबत बढ़ गई है। गलन से टमाटर के फल खेतों में सड़ने लगे है। इससे किसानों का लागत निकलना मुश्किल हो गया है। लौवाडीह : शीतलहर जारी रहने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। लौवाडीह के मनोज राय, जोगामुसाहिब के बबलू, संजय राय,उमेश सिंह आदि ने बताया कि पिछले महीने जब मौसम थोड़ा ठीक था तो प्रशासन ने ठंड का अवकाश कर दिया था। पखवारे भर से मौसम खराब होने के बाद भी पता नहीं किन वजहों से छोटे बच्चों के विद्यालयों को बंद नहीं कराया जा रहा है।

फरक्का एक्सप्रेस दस घंटे रही विलंबित

भदौरा : कोहरे का असर ट्रेनों के परिचालन पर भी पड़ रहा है। अप में फरक्का एक्सप्रेस दस घंटा विलंबित रही। डाउन में राजधानी नौ, अपर इंडिया डेढ़, डीएमयू पांच एवं मगध एक्सप्रेस अनिश्चितकालीन देरी से रही। दिलदारनगर : ट्रेन विलंबित होने के कारण पूछताछ काउंटर पर यात्रियों की भीड़ रही। अप में लालकिला व जनता एक, सीमांचल एक्सप्रेस दो घंटा देरी से आई।

वहीं डाउन में श्रमजीवी सात, मगध छह, कुर्ला-पटना तीन, मुगलसराय-पटना पैसेंजर पांच, लालकिला व जनता एक्सप्रेस एक घंटा विलंबित रही। स्टेशन अधीक्षक एमएन चौबे ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनें विलंब से रही हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।