यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 20, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड के तेवर नहीं हुए ढीले, दो की मौत

गाजीपुर : पखवारे भर की तल्खी के बाद मौसम का तेवर सोमवार को ढीला हुआ। सुबह साढ़े सात बजे के बाद चमकदार धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली। ठंड के तेवर भले ही ढीले पड़ गए हों लेकिन मरने वालों का सिलसिला बना हुआ है। रविवार की रात ठंड से दो लोगों की मौत हो गई। धूप निकलने के कारण किसानों ने आलू की फसल पर दवा का छिड़काव किया। काफी दिनों बाद स्कूल खुलने से परिसर में बच्चों के शोरगुल से गुलजार रहे। दोपहर बाद आसमान पर बादल दिखने से लोग फिर सशंकित होने लगे।
दिलदारनगर थाना क्षेत्र के सरहुला निवासी चंद्रमा रात (70)की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए सोच ही रहे थे कि उनकी मौत हो गई। वहीं नंदगंज थाना क्षेत्र के हुसैनपुर निवासी राजेंद्र बिंद (40) की ठंड से मौत हो गई। उधर रविवार की रात ही आसमान से बादल साफ हो गए थे। सुबह कोहरा का नामोनिशान नहीं था। भगवान भास्कर समय से चमके। कई दिनों बाद खिली धूप का लोगों ने खूब आनंद लिया।
पखवारे भर बाद खुले स्कूलों में पहले दिन उपस्थिति कुछ कम रही लेकिन पठन-पाठन सुचारू रूप से चला। वहीं सरकारी कार्यालयों में सन्नाटा रहा। कर्मचारी बाहर धूप का आनंद लेते दिखे। किसान आलू की फसल को झुलसा से बचाने के लिए उस पर दवा का छिड़काव करते दिखे। गहमर : ठंड के कारण लगातार बंद चल रहे विद्यालय खुले। परिसरों में चहल-पहल रही। अध्यापकों ने कमरों के बजाय बाहर ही बच्चों की कक्षाएं ली। शाम को आसमान पर बादल होने से लोगों में फिर बारिश का अंदेशा हो गया है। जमानियां : धूप निकलने से पशु, पक्षियों ने भी राहत की सांस ली। दिन चढ़ने के साथ तापमान में वृद्धि देखी गई। जन-जीवन सामान्य हो गया। सैदपुर : बारिश व कड़ाके कीठंड के बाद धूप निकलने से बाजार में चहल-पहल दिखाई पड़ा। लोग धूप में बैठे दिखे। विद्यालय भी खुले। शादियाबाद : क्षेत्र में कई दिनों के बाद हुई तेज धूप से लोगों के चेहरे खिल उठे। पशुओं को भी राहत मिली। भीमपार : चार दिनों बाद मौसम साफ होने से बाजार में ग्राहकों की संख्या में इजाफा दिखा। सादात : मौसम खराब होने से चिंतित लोग धूप होने से प्रसन्न दिखे जिनके घर शादी विवाह है। उन्होंने खरीदारी शुरू कर दी है। मुहम्मदाबाद : धूप निकलने से मौसम साफ होने पर किसानों ने आलू के पौधों पर लग रहे झुलसा रोग से बचाव के लिए दवा का छिड़काव किया। मौसम साफ होने के चलते स्कूल कालेज खुल गया। वहीं बाजारों व सरकारी कार्यालयों में लोगों की काफी भीड़ रही।
न्यनूतम 7.6 तथा अधिकतम तापमान 22 डिग्री से. रिकार्ड किया : मदन गोपाल दत्त, उपप्रेक्षक, वेधशाला, पीजी कालेज गाजीपुर।
बढ़ गया पाला का खतरा
आसमान साफ होने से पाला पड़ने की संभावना बढ़ गई है। पौधों के मुरझाने से पैदावार प्रभावित हो सकती है। ऐसे में किसान यूरिया के दो प्रतिशत घोल का छिड़काव करें तो फसलों को पाला से बचाया जा सकता है। किसान सुबह ताजा पानी के घोल का छिड़काव कर भी फसल को पाला से बचा सकते हैं। इसके अलावा शाम के समय खेत के पास धुंआ करें जिससे फसलों की सुरक्षा हो सके । आलू को झुलसा से बचाव के लिए किसान वैज्ञानिक की सलाह से दवा का छिड़काव करें।
- डा.आरपी सिंह, फसल सुरक्षा वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, पीजी कालेज गाजीपुर।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
