यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शीतलहर से गई फिर दो की जान

गाजीपुर : ठंड ने शुक्रवार को और दो की जान ले ली। जनपद में अब तक ठंड से मरने वालों की संख्या 11 पहुंच गई है। कोहरा और बर्फीली हवाओं के बीच ठंड का कहर जारी रहा। दोपहर बाद भगवान भास्कर के दर्शन होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। तीसरे पहर चार बजे फिर सूरज बादलों के पीछे हो गया। बादल छाने से ठंड में इजाफा हुआ।
गहमर : सायर गांव में गुरुवार को ठंड से पंद्रह वर्षीय शबाना की मौत हो गई। वह शौकत अली की पुत्री और भाग्य मधु माध्यमिक विद्यालय की कक्षा नौ की छात्रा थी।
करीमुद्दीनपुर : स्थानीय थाना क्षेत्र के लौवाडीह में ठंड लगने से रामकृत शर्मा (80) ने गुरुवार की रात दम तोड़ दिया। इससे पहले उनकी हालत बिगड़ने पर परिजन इलाज के लिए ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही वृद्ध की मौत हो गई।
ठंड से लगातार हो रही मौत के बावजूद प्रशासन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में न तो अलाव की व्यवस्था की गई है न ही कंबल वितरण किया जा रहा है। उधर गुरुवार की शाम से शुरू हुआ कोहरे का दौर अगले दिन सुबह दस बजे तक बना रहा। वाहन चालकों ने हादसे के डर से डीपर प्रयोग किया। रेलवे स्टेशन, रोडवेज, बस स्टैंड, कचहरी आदि स्थानों पर लोग ठिठुरते दिखे। दोपहर करीब एक बजे भगवान भास्कर के निकलने से लोगों ने धूप का आनंद लिया। सरकारी कार्यालयों में सन्नाटा रहा। कर्मचारी काम करने के बजाय धूप का आनंद लेते दिखे। कोहरा से आलू की खेती भी प्रभावित हो रही है।
सादात : क्षेत्र में बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर पंचायत की तरफ से गुरुवार की देर शाम को अलाव के लिए करीब 15 कुंतल लकड़ी गिराई गई। चेयरमैन प्रमिला यादव ने बताया की अन्य दिन भी नगर के प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की जाएगी। भीमापार : प्रशासन द्वारा अलाव की व्यवस्था न किए जाने से लोगों में रोष व्याप्त है। मुहम्मदाबाद : कोहरा व धुंध के चलते वाहन सड़कों पर लाइट जलाकर रेंगते नजर आ रहे थे। लगातार कई दिनों से गलन और कोहरा का बुरा असर फसलों पर दिखाई देने लगा है। आलू के पौधों में झुलसा तो टमाटर में गुरचा रोग का खतरा दिखने लगा है। मौसम साफ न होने से किसान सही से दवा का छिड़काव भी नहीं कर पा रहे हैं। इससे रोग के तेजी में फैलने का खतरा बना हुआ है। वहीं तेज ठंड के बावजूद अलाव को लेकर प्रशासनिक उदासीनता ने गरीब तबके विशेषकर सड़कों आदि के किनारे दिन बिताने वालों की मुसीबत बढ़ा दी है। भांवरकोल : प्रशासन की ओर से पताल गंगा पर लगने वाली चट्टी पर अलाव आदि की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे दूरदराज से आने वाले व्यापारियों व किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जमानियां : ठंड से गरीब तबके के लोग सबसे अधिक प्रभावित दिखे।
न्यूनतम 7.5 एवं अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम का यह मिजाज कुछ दिनों तक बना रहेगा।- मदन गोपाल दत्त, उपप्रेक्षक वेधशाला, पीजी कालेज गाजीपुर।
गरीबों में बंटे कंबल
सादात : थाना स्थित शिव मंदिर पर शिवचर्चा कमेटी के लोगों द्वारा 25 असहाय गरीबों को कंबल वितरित किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी सुरेश गुप्त, प्यारेलाल पासवान, पलटू राम, अशोक आदि उपस्थित रहे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
