यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 26, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड से गई फिर एक जान

गाजीपुर : ठंड ने बुधवार की रात एक और जान ले लिया। जिले में अब तक ठंड से मरने वालों की तादाद दो हो गई है। गलन का असर गुरुवार को भी बना रहा। सुबह सात बजे के बाद निकली धूप दोपहर तक लोगों को राहत दी। ठंड बर्दाश्त नहीं कर पाने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। इससे पहले पंद्रह दिसंबर की रात वीरपुर इंटर कालेज में सोते समय एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।
बीती रात सदर कोतवाली क्षेत्र के जैतपुरा स्थित सलाहाबाद के सुबेदार राम (45) को सिंचाई करते समय ठंड लग गई। तबीयत बिगड़ी। परिजनों ने बताया कि वे उन्हें अस्पताल लाने की तैयारी कर रहे थे कि मौत हो गई। इससे पहले को वीरपुर इंटर कालेज में धान की रखवाली करने के दौरान बहादुर यादव को भी ठंड से मौत हो गई थी।
इधर, दिनभर चली हवाओं ने ठंड का पूरा अहसास कराया। कोहरे के कारण वाराणसी-छपरा, मुगलसराय-पटना और औड़िहार-गोरखरपुर रेल खंड पर लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। इस बीच पूर्वोत्तर रेलवे ने मंडुवाडीह-छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस को सात जनवरी तक सिर्फ बलिया तक चलाने का निर्णय किया है। ठंड का असर देखते हुए चौराहों, रेलवे स्टेशन तथा रोडवेज बस अड्डा के पास अब तक प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था अब तक नहीं की जा सकी है। इस कारण रिक्शा चालकों, ठेले व खोमचे वालों के अलावा राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम लोग अधिक गर्म कपड़ों के साथ ही घरों से बाहर निकले। खासकर वृद्धों और बच्चों को इस मौसम से बचाने के जतन करते लोग देखे गए। नगर के प्रमुख बाजारों में ऊनी वस्त्रों, कंबल व रजाई आदि की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ हो रही है। सरकारी व निजी कार्यालयों के कर्मचारी तथा दुकानदार खाली वक्त धूप में बैठकर गुजार रहे हैं। गुरुवार को बर्फीली हवाओं ने लोगों को खूब ठिठुराया। गलन के चलते लोग जरूरी काम से ही बाहर निकले। हालांकि कोहरा न होने के कारण लोगों ने राहत की सांस ली। दोपहर से आसमान पर बादल के टुकड़ों की आवाजाही शुरु हो गई जो शाम तक जारी रही।
नहीं जले अलाव
गहमर : क्षेत्र में अलाव की व्यवस्था न होने के कारण गरीब तबका परेशान है। कई बार स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। ठंड के कारण लोग सुबह नौ बजे के बाद ही घर से निकल रहे हैं। किसानों की दलहनी फसलें भी प्रभावित हो रही हैं।
गिरा तापमान
तापमान गिरने का सिलसिला बना हुआ है। न्यूनतम 8.0 एवं अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान 8.5 व अधिकतम 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
- मदन गोपाल दत्त, उपप्रेक्षक मौसम वेधशाला, पीजी कालेज गाजीपुर।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
