नील गाय का शिकार करने वाले आठ पकड़े
निज प्रतिनिधि, फीरोजाबाद :देहाती क्षेत्र में बड़ी तादाद में पाये जाने वाली नील गाय का शिकार बड़े पैमाने पर हो रहा है। रविवार शाम को पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर 4 बाइक के साथ 8 लोगों को पकड़ लिया। इनके पास से नीलगाय का मांस भी जब्त कर लिया।
हिरनगांव के निकट कुछ लोगों ने एक नीलगाय का शिकार किया। नील गाय को मारने के बाद में मांस बोरे में रख कर बाइक पर लेकर यहां से निकले। इधर इसकी जानकारी कुछ ग्रामीणों ने थाना लाइनपार पुलिस को दी। पुलिस ने घेरा बंदी कर चारों बाइकों को रोक लिया। इन पर आठ लोग सवार थे। पुलिस ने बोरा खुलवाकर देखा तो इसमें नीलगाय का मांस निकला। इस पर पुलिस ने बाइक जब्त कर इन्हें गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों के नाम मोहसिन, दिलनवाज, अबरार, साजद, परवेज, इरफान और अफजाल बताए गए हैं। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक लाइसेंसी दुनाली बंदूक भी जब्त की है, जिससे नील गाय का वध किया गया था।
रात भर पुलिस पर रहा दबाव
आरोपियों को छोड़ने के लिए रात पर थाना पुलिस दबाव रहा। सपा नेता के साथ में समाज के लोग दबाव बनाते रहे। बताया जाता है पुलिस ने नौ लोगों को पकड़ा था। दवाब में पुलिस ने आरोपी को छोड़ दिया है। छोड़ा गया आरोपी एक प्रमुख सपा नेता का करीबी बताया जा रहा है।
मोर का शिकार कर रहे दो लड़के दबोचे
शिकोहाबाद : भांडरी में सोमवार को दो लड़के मोर का शिकार करते हुए पकड़े गए हैं। यह लड़के सुबह से मोर की तलाश में घूम रहे थे।
बताया जाता है इन लड़कों ने एक मोर को घायल कर दिया। मोर का इस तरह शिकार करने की खबर ग्रामीणों ने थाना शिकोहाबाद पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ लिया तथा मोर को उपचार के बाद में छोड़ दिया। इस मामले में थाना पुलिस ने देर शाम तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है। थाना प्रभारी से संपर्क करने पर उन्होने मोर को घायल करने की बात स्वीकारते हुए कहा दो लड़के पकड़े हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।