यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 16, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राजधानी एक्सप्रेस का इंजन फेल होने से कई ट्रेनें जहां की तहां रुकीं
हावड़ा-दिल्ली ट्रैक पर मैथा स्टेशन के पास भुवनेश्वर से नई दिल्ली जा रही अप राजधानी एक्सप्रेस का इंजन फेल होने ...और पढ़ें

इटावा (जेएनएन)। हावड़ा-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर मैथा रेलवे स्टेशन के समीप आज सुबह भुवनेश्वर से नई दिल्ली जा रही 22823 अप राजधानी एक्सप्रेस का इंजन फेल होने से उसके पीछे चल रही ट्रेनें जहां की तहां रुक गईं। करीब दो घंटे तक अप ट्रैक पर दिल्ली की ओर कोई ट्रेन नहीं गई। चार राजधानी तथा एक गरीब रथ एक्सप्रेस तो तीन से चार घंटे तक लेट हुई। ट्रेनों की लेटलतीफी से इटावा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्री खासे परेशान हुए।
रेलवे ट्रैक से जुड़े अन्य समाचारों के लिए यहां क्लिक करें।
कानपुर से नई दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस तथा आम यात्रियों की लाइफ लाइन कही जाने वाली गोमती एक्सप्रेस दो-दो घंटे की देरी से आयीं। मरुधर, मगध तथा महानंदा सात-सात, तूफान पांच तथा कालका, मुरी तथा एनई तीन-तीन घंटे लेट होने से अधिकतर यात्री परेशान हुए। कई यात्री अन्य संसाधनों से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। ट्रेनों में आए दिन किसी न किसी कारण से ट्रेनों का परिचालन खासा प्रभावित होता है। रेलवे प्रशासन महत्वपूर्ण ट्रेनों को जल्द पास कराता है इससे आम यात्रियों से जुड़ी ट्रेनों और ज्यादा लेट होती हैं।
उत्तर प्रदेश के सभी समाचार पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
सिग्नल फेल होने से 19 ट्रेनें प्रभावित
केबल कटने की वजह से रेलवे के सिग्नल फेल हो गए। इससे रेल यातायात ठप हो गया। रातभर ट्रेनें मेमो के सहारे निकाली गईं। करीब 19 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। आरपीएफ ने अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है।
रामपुर शहर में निजी टेलीकॉम कंपनी की ओर से फाइबर केबिल डालने का काम कराया जा रहा है। शुक्रवार रात कोसी रेलवे क्रॉसिंग के पास कार्य चल रहा था। इस बीच ड्रिल से रेलवे के सिग्नल का तार कटने से पूरे सिग्नल फेल हो गए। रात बारह बजे वेस्ट केबिन के सिग्नल धड़ाम होते ही रेल यातायात ठप हो गया। कंट्रोल पर मैसेज गूंजने लगे। रामपुर के दोनों ओर ट्रेनों को रोक दिया गया। घंटे भर बाद ट्रेनों को मेमो के सहारे निकाला गया, साथ ही सिग्नल को ठीक करने का काम भी शुरू कर दिया गया। मुरादाबाद से भी सिग्नल विभाग की टीम रामपुर पहुंच गई। सुबह छह बजे सिग्नल ठीक होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य हो सका। रातभर में 19 ट्रेनें प्रभावित रहीं। काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी घंटों देरी से आ सकी। इसके अलावा लखनऊ मेल अप और डाउन, दून एक्सप्रेस अप और डाउन, जनता एक्सप्रेस, बेगमपुरा एक्सप्रेस आदि ट्रेनें प्रभावित रहीं। आरपीएफ एसआइ कपिल कुमार ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में एयरटेल कंपनी के कार्य की बात सामने आई है। स्टेशन अधीक्षक आरडी मीणा ने बताया कि 19 ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा, लेकिन सुबह के बाद यातायात सामान्य हो गया।