विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 22, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फ्री-जोन पालिटिक्सः यूपी में भगवा पताका और एमपी से जय-जयकार

By Nawal MishraEdited By:
Published: Sun, 22 Oct 2017 11:19 PM (IST)

चित्रकूट को फ्री-जोन घोषित कर जनता को राहत और योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी से भाजपा ने यहां से फ्री-जोन पालिटिक्स की राह भी मजबूत कर ली है।

फ्री-जोन पालिटिक्सः यूपी में भगवा पताका और एमपी से जय-जयकार
फ्री-जोन पालिटिक्सः यूपी में भगवा पताका और एमपी से जय-जयकार

चित्रकूट (जेएनएन)। भौगोलिक रूप से बंधन झेल रहे चित्रकूट को फ्री-जोन घोषित कर जनता को तो राहत दी गई है, इसके साथ ही भाजपा ने यहां से फ्री-जोन पालिटिक्स की राह भी मजबूत कर ली है। रविवार को भगवा दल की दरियादिली का यह मंच सजा भले ही मंदाकिनी के उप्र के घाट पर था लेकिन हर घोषणा पर मप्र के घाट से उठ रही जय श्रीराम की गूंज यहां आसन्न निकाय चुनाव के साथ ही वहां होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए भी माहौल बनाते दिख रही थी।

चित्रकूट की जरूरतें और उम्मीदें बहुत पुरानी हैं। मप्र सरकार ने यहां काम तो किए हैं, लेकिन मूल समस्याएं अब तक यथास्थिति में ही थीं। विधानसभा चुनाव के मुहाने पर खड़े मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बीते दिनों यहां आए तो अपने हिस्से की कई योजनाओं की घोषणा कर गए। रविवार को उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे तो दो राज्यों की प्रमुख धर्मनगरी से भगवा रंग चटख करने में उन्होंने भी कतई कंजूसी नहीं की। यहां रामघाट पर योगी का मंच सजा था। आरती यहां हो रही थी, लेकिन मप्र की सीमा में रहने वाले हजारों लोगों की भीड़ भाजपा सरकार के इस आयोजन में बतौर दर्शक शरीक थी। लगे हाथ योगी आदित्यनाथ ने अपने वादों के साथ ही मप्र सरकार की मुक्त कंठ से प्रशंसा की तो वहां से भी जोरदार तालियां बजने लगीं। इसके साथ ही फ्रीजोन घोषित करना, दीपावली मेले पर कुंभ जैसी व्यवस्थाओं की घोषणा कर योगी ने दोनों ही राज्यों के श्रद्धालुओं का दिल जीतने की कोशिश की है। मुख्यमंत्री ने वादा किया है कि आने वाली कार्ययोजनाओं में भी चित्रकूट के विकास की योजनाएं शामिल होंगी। इससे साफ है कि चुनावी वर्ष में मप्र की भाजपा सरकार भले ही चुनाव आचार संहिता में बंध जाएगी, लेकिन नदिया के इस पार से उप्र की भाजपा सरकार फ्री जोन सियासत के स्ट्रोक जारी रखेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।