यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 07, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गंदगी से पटी रेलवे कॉलोनी, अधिकारी बेखबर

सैयदराजा(चंदौली): स्थानीय रेलवे स्टेशन पर नौ फरवरी को निरीक्षण के लिए डीआरएम आ रहे हैं .. और रेलवे कॉलोनी गंदगी से पटी है। नालियां जाम हैं, गंदा पानी, सीवर का पानी जगह-जगह जमा है जो संक्रामक रोगों का कारण बनने लगा है। स्थानीय अधिकारी स्टेशन पर तो चूना आदि लगवाकर चमका दे रहे हैं लेकिन कॉलोनी पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है।
उत्तर प्रदेश व बिहार सीमा पर सैयदराजा रेलवे स्टेशन महत्वपूर्ण स्टेशनों में एक है। यहां से रोजाना आसपास के गांवों के लोग आवागमन करते हैं। बावजूद इसके विभाग है कि स्टेशन और कॉलोनी की सफाई पर कभी भी ध्यान नहीं देता है। इससे स्टेशन, कॉलोनी के आसपास कूड़े का अंबार लग गया है। नालियों के पट जाने से गंदा पानी जगह-जगह जमा हो गया है और संक्रामक रोगों को दावत दे रहा है। पूर्व चेयरमैन अरविंद कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र के काशीनाथ मौर्य, जेके शास्त्री, दस्तगीर अंसारी, महेंद्र कुमार राय, राजेश केशरी, नामवर प्रसाद, पुरुषोत्तम लाल खेमका सहित दर्जनों नागरिकों ने रेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर नाला निर्माण तथा गंदगी सहित विभिन्न समस्याओं के निराकरण किए जाने के लिए पत्रक सौंपा था। रेलवे अधिकारियों ने गंदे पानी की निकासी व अन्य समस्या दूर करने का आश्वासन दिया लेकिन अधिकारियों का आश्वासन पूरा नहीं हो सका। नागरिकों का कहना है कि स्टेशन और रेलवे कॉलोनी में सफाई नहीं हुई तो वे डीआरएम से मिलेंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
