विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नेहरूपुर में ठंड से तीन की मौत

By Edited By:
Published: Fri, 17 Jan 2014 10:19 PM (IST)Updated: Fri, 17 Jan 2014 10:21 PM (IST)

News Article Hero Image

खुर्जा, बुलंदशहर : ठंड हाड़ तो कंपा ही रही थी, अब जानलेवा भी हो चली है। उसकी मार बर्दाश्त न कर पाने पर कोतवाली क्षेत्र के नेहरूपुर गांव में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इसके बाद गांव में मातम पसर गया। संवेदना लेकर पहुंचे एसडीएम का ग्रामीणों ने घेराव किया और मुआवजा दिलाने की मांग की।

पिछले कुछ दिनों से पारा गिरता जा रहा है। गलन-ठिठुरन बढ़ती जा रही है। ऐसे में गरीबों-असहायों व बुजुर्गो की जान पर बन आई है। कोतवाली क्षेत्र के नेहरूपुर गांव में कुछ ऐसा ही हुआ। यहां का पॉटरी मजदूर महावीर (54) गुरुवार सुबह नगर से साइकिल से आ रहा था। इस बीच परिजनों को सूचना मिली कि वह रास्ते में एक खेत में पड़ा है। आननफानन में उसे अलीगढ़ हायर सेंटर में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार सुबह उसने दम दौड़ दिया। परिजनों के अनुसार चिकित्सकों ने मौत का कारण ठंड बताया है।

सत्यवती (50) पत्‍‌नी स्व. महिपाल सिंह की भी शुक्रवार सुबह करीब चार बजे मौत हो गई। उसके बेटे संघप्रिय गौतम ने बताया कि गुरुवार रात मां को अचानक जोरों की ठंड लगी। उसने तमाम बंदोबस्त किए, मगर उनकी कंपकंपी बंद नहीं हुई और आखिरकार दम तोड़ दिया।

तीसरी मौत एक दिन पहले गुरुवार को हुई थी। नगर की एक पॉटरी में चौकीदार चंद्रभान (53) गुरुवार सुबह काम पर जा रहा था। रास्ते में ही उसके हाथ-पैर जकड़ गए। इस पर उसने परिजनों को सूचना दी। परिजन अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसने दम तोड़ दिया। ठंड से गांव में तीन-तीन मौत एक साथ होने पर कोहराम मच गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में न तो अलाव जलाए गए और न ही कंबलों का वितरण किया गया। इस बीच मौत की सूचना पर गांव पहुंचे एसडीएम पुष्पराज सिंह का ग्रामीणों ने घेराव किया। एसडीएम ने ग्रामीणों से जानकारी ली। ग्रामीणों ने जहां मौत का कारण ठंड बताया, वहीं एसडीएम यह कारण मानने को तैयार नहीं। फिर भी प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

इनका कहना है..

'गांव में तहसील के माध्यम से कंबल वितरण कराया गया था। जिन परिवारों को कंबल नहीं दिए गए, उन्हें भी जल्द दिला दिए जाएंगे। अलाव की व्यवस्था की जा रही है। तीनों परिवारों को हरसंभव आर्थिक मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा।'

योगेश, प्रधान, नेहरूपुर

'मैं खुद गांव गया था। तीनों के मकान पक्के हैं और सर्दी से बचने के सभी बंदोबस्त हैं। ऐसे में ठंड से मौत नहीं हो सकती। सभी मौत दूसरे किन्हीं कारणों के चलते हुई हैं। फिर भी इसकी जांच शुरू कर दी गई है।'

पुष्पराज सिंह, एसडीएम, खुर्जा

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर