यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 20, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड से बालिका सहित तीन की मौत

बाबूसराय/गोपीगंज (भदोही): दो दिन की बारिश बंद हुई लेकिन कोहरे के बीच ठंड का कहर जारी है। सोमवार को दोपहर बाद खिली धूप भी लोगों को कोई खास राहत नहीं दे सकी। इस बीच ठंड जानलेवा बनी हुई है। इससे सोमवार को एक बालिका समेत तीन लोगों ने दम तोड़ दिया।
बाबूसराय बाजार निवासी गुड्डू सोनकर की आठ वर्षीय पुत्री चंदी देवी को रविवार की सुबह ठंड लग गई। परिवारजनों द्वारा स्थानीय अस्पताल में उसका उपचार कराया जा रहा था किंतु तमाम प्रयास के बाद भी सोमवार को दोपहर में उसने दम तोड़ दिया। इसी तरह ठंड की चपेट में आने से नरायनपुर गांव निवासी शिवनाथ कहार (80) नामक वृद्ध की मौत हो गई।
इसी तरह गोपीगंज क्षेत्र के जोहरपुर गांव में सोमवार को सायंकाल ठंड की चपेट में आ जाने से अधेड़ की मौत हो गई। थाना क्षेत्र के रामपुर घाट निवासी नान्हक धइकार (50) साइकिल से सूप बेचने निकला था। सायंकाल घर लौटते समय जोहरपुर स्थित एक नलकूप के पास लघु संका के लिए रुका था। इस दौरान अचानक वह अचेत होकर गिर पड़ा। आस-पास के लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस के साथ पहुंचे परिवार के लोग शव लेकर वापस घर चले गए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
