विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 15, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ट्रेन सफर में मंगल को अमंगल

By Edited By:
Published: Tue, 15 Apr 2014 07:12 PM (IST)

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, बरेली : रेल यात्रियों के लिए मंगलवार का दिन अमंगलकारी रहा। ट्रेन से गिरकर दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी देकर शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसों से परिजनों में कोहराम मचा है।

मुरादाबाद के लाल मस्जिद निवासी मुहम्मद असलम अलीपुरद्वार से आनंद विहार जाने वाली 04027 समर स्पेशल ट्रेन में सवार थे। ट्रेन मंगलवार दोपहर बारह बजे बरेली जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंची। यहां यात्री चलती ट्रेन में उतरने लगे। तभी धक्कामुक्की में मुहम्मद असलम ट्रेन से गिर गए। उन्हें जिला अस्पताल उपचार को भेजा गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मुहम्मद असलम के परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दी। उधर बिथरी चैनुपर के गांव रामचंदपुर निवासी झम्मन लाल (55) रसुईया स्टेशन से सुबह गुजर रहे थे। तभी वह 3308 किसान एक्सप्रेस के चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। टोकन पोर्टर ने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

एक अन्य घटना में सोमवार रात पुरबिया एक्सप्रेस से सीबीगंज स्टेशन के पास एक यात्री गिर कर गंभीर घायल हो गया। यात्रियों ने इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने घायल को गरीब रथ एक्सप्रेस से जंक्शन भिजवाया। यहां से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल ने अपना नाम चंद्र कुमार (21) निवासी बेगूसराय, बिहार बताया है। बताया के वह भाई की शादी में शामिल होने घर जा रहा था। जीआरपी ने घायल के परिजनों को हादसे की जानकारी दी।

-----

नशीले पदार्थ के साथ आरोपी दबोचा

बरेली: ट्रेनों में सफर करने वाले यात्री सुरक्षित नहीं हैं। वह कभी भी जहरखुरानों का शिकार हो सकते हैं। यात्री को निशाना बनाने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार सुबह एक जहरखुरान इज्जतनगर निवासी ओपी सक्सेना के पीछे लग गया। उन्होंने युवक को दूर हटने के लिए कहा तो वह मारपीट पर आमादा हो गया। इस पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। उपनिरीक्षक दुर्गा सिंह ने युवक को हिरासत में ले लिया। तलाशी में उसके पास से सवा सौ ग्राम नशीला पाउडर बरामद किया। आरोपी ने अपना नाम आशी मलिक निवासी अंगूरी टांडा थाना सुभाषनगर बताया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।