यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 24, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बरेली पुलिस पढ़ाएगी सौहार्द का पाठ

जागरण संवाददाता, बरेली : पिछले दिनों जिले में हुए सांप्रदायिक बवालों को ध्यान में रखते हुए बरेली पुलिस अब सांप्रदायिक सद्भाव का पाठ पढ़ाने जा रही है। इसके लिए आगामी 31 अगस्त को संजय कम्यूनिटी हॉल में 'एक कदम अमन की ओर' सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें पुलिस अधिकारियों के साथ सभी धर्मो के लोग व प्रोफेशनल्स शिरकत करेंगे।
इसी बाबत रविवार को एसपी सिटी राजीव मल्होत्रा ने कोतवाली में आवश्यक बैठक भी की और दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि बरेली पुलिस की ओर से पहली बार आयोजित किए जा रहे इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सभी धर्मो के बीच प्रेम और सद्भाव की डोर को मजबूत करना है। पिछले दिनों सांप्रदायिक तनावों में पुलिस मित्रों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। इसे ध्यान में रखते हुए नए सिरे से लगभग एक हजार पुलिस मित्र बनाए जाएंगे और सम्मेलन में उन्हें आइकार्ड भी दिए जाएंगे। इस सम्मेलन में सीनियर सिटीजन भी बुलाए गए हैं और वे लोग अपने सुझाव देंगे। इसके साथ ही उन्हें कार्ड दिए जाएंगे।
मशहूर शायर वसीम बरेलवी, तुलसी मठ के महंत कमल नयन दास भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सात सेक्टरों में बाटा गया शहर
पुलिस ने इस सम्मेलन के मद्देनजर दंगों को रोकने के लिए प्रिएंटिव एक्शन प्लान भी तैयार किया है। इसके तहत शहर को सात सेक्टरों में बाटा गया है, जिसमें 96 संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थान चिन्हित किए गए हैं। इन स्थानों को तीन श्रेणी में विभाजित किया गया है, जिसमें हाईपर सेंसटिव को ए श्रेणी में रखा गया है जो 31 स्थान हैं। इसी तरह बी श्रेणी में 32 तथा सी श्रेणी 33 स्थान चिन्हित किए गए हैं। किला, बारादरी, कोतवाली, प्रेमनगर, सुभाष नगर तथा सीबीगंज थानों को संवेदनशील माना गया है।
------
शहर में अमन के लिए पुलिस की ओर से सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें सभी की सहभागिता होगी तो निश्चित तौर पर सार्थक परिणाम सामने आएंगे। सम्मेलन के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
-जे.रविन्दर गौड, एसएसपी