यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 21, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूपी से बेहतर योजनाएं किसी प्रदेश में नहीं : अखिलेश

बरेली : रैली में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। साथ ही दावा किया कि उनकी सरकार जो योजनाएं चला रही है, वे पूरे देश में सबसे बेहतर हैं। उन्होंने इसे उदाहरण सहित गिनाया। कहा कि कन्या विद्या धन दे रहे हैं, यह योजना केवल उत्तर प्रदेश में ही लागू है। हमने छात्रों को लैपटॉप दिया। जब लैपटॉप देने की घोषणा की गई थी, उस समय कांग्रेस समेत सभी दलों ने इसका विरोध किया था, लेकिन आज सभी लैपटॉप देने की बात कह रहे हैं। आलम यह है कि बगैर लैपटॉप के किसी भी दल का घोषणापत्र पूरा नहीं हो पा रहा है।
अपनी पूर्ववर्ती मायावती सरकार पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश ने कहा कि पहले की सरकार ने जनता का पैसा पत्थर के स्मारक और हाथी की मूर्तियां लगवाने में खर्च किया। सपा की सरकार जनता का पैसा जनता को लौटाने का काम कर रही है। कन्या विद्या धन हो या फिर लैपटॉप वितरण, किसानों को सिंचाई की सुविधा, यह सब योजनाएं जनता के पैसे से जनता के लिए ही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा प्रदेश को विकास के मार्ग पर ले जाना चाहती है। इसके विपरीत सांप्रदायिक ताकतें प्रदेश तोड़ना चाहती हैं। हम विकास कराने के साथ सांप्रदायिकता को रोकने का काम भी कर रहे हैं। अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार में तय गन्ने का मूल्य फिर से लागू करने की विवशता भी जाहिर की। कहा कि कभी-कभी संतुलन बनाना पड़ता है, ताकि किसानों को हर सुविधा मिलती रहे, तो कल-कारखाने भी चलते रहें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आगे बढ़ेगा, तभी देश तरक्की करेगा। इसके लिए जरूरी है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में सपा प्रत्याशियों को भारी संख्या में जिताकर दिल्ली पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है, इसके लिए केंद्र की खराब आर्थिक नीतियां जिम्मेदार हैं। सपा की सरकार आएगी, तो आर्थिक नीतियों को रोजगारपरक बनाया जाएगा, ताकि युवा हाथों को काम मिल सके।
इनसेट
कठघरे से निकल नहीं पाएंगे गुजरात के शेर
बरेली : गुजरात से बब्बर शेर मांगे जाने पर नरेंद्र मोदी के कटाक्ष पर अखिलेश यादव ने कहा कि मोदी यह बताना भूल गए कि शेर के बदले उन्होंने यूपी से कौन-कौन से वन्य जीव लिए। उन्हें यह बताना चाहूंगा कि हमने गुजरात के शेरों के लिए ऐसे कठघरे बनवाए हैं, जिनसे वे निकल नहीं पाएंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
