विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 13, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सबकी मनोकामनाएं पूरी करते हैं लोधेश्वर

By Edited By:
Published: Fri, 13 Feb 2015 12:05 AM (IST)

बाराबंकी: पैदल चलकर उरई, जालौन, बेतवा, चंबल, कानपुर, उन्नाव आदि से आ रहे कांवड़ियों में लोधेश्वर महाद

News Article Hero Image

बाराबंकी: पैदल चलकर उरई, जालौन, बेतवा, चंबल, कानपुर, उन्नाव आदि से आ रहे कांवड़ियों में लोधेश्वर महादेव के प्रति अगाध श्रद्धा दिखाई देती है। हर कांवड़िया कहता है कि लोधेश्वर महादेव सबकी मनोकामनाएं पूरी करते हैं। यही कारण है कि तमाम समस्याओं को नजरअंदाज कर पैदल ही कांवड़ लेकर जलाभिषेक को फाल्गुनी मेले में आते हैं।

उरई से आए शिवमूरत ने बताया कि पांच साल पहले घर-गृहस्थी से काफी परेशान थे। खेती में लगातार नुकसान हो रहा था। गांव के पड़ोस का एक जत्था लोधेश्वर महादेवा आ रहा था। हमने भी कांवड़ बनाई और चल पड़ा। लोधेश्वर महादेवा आते-आते पांव सूज गए, छाले पड़ गए मगर यहां से लौटने के बाद धीरे-धीरे गृहस्थी की समस्याएं दूर होती गईं। लोधेश्वर महादेवा की कृपा से सब ठीक-ठाक चल रहा है इसलिए हर बार कांवर लेकर आता हूं। सुमित्रा देवी ने बताया कि उनके एक रिश्तेदार की महिला पुत्र रत्न की प्राप्ति नहीं हो रही थी तो वह दो साल पहले यहां कांवड़ लेकर आई थी। मनोकामना पूरी हुई। उनकी ही प्रेरणा से इस बार पति के साथ मैं भी आई हूं। लोधेश्वर चाहेंगे तो गोद सूनी नहीं रहेगी। कक्षा 12 का छात्र अभिषेक भी कांवड़ लेकर आया है। बोर्ड परीक्षा होनी है फिर भी क्यों आए? इस पर उसने कहा कि हाईस्कूल की परीक्षा के पहले आया था तो लौटने के बाद पढ़ाई में खूब मन लगा। अच्छे नंबर से पास हुआ। इस बार पढ़ाई तो खूब कर रहा हूं मगर आशीर्वाद लेने यहां आया हूं। बाबा चाहेंगे तो परीक्षा अच्छी होगी। ऐसे ही तमाम तरह की कामनाएं लिए लोग लोधेश्वर महादेव के जलाभिषेक को आए हुए हैं। उन्नाव के सगौड़ा से आए 14 वर्षीय सोलू, 19 वर्षीय मीरा कुशवाहा, 18 वर्षीय कमल निषाद, महंत सुरेंद्र ¨सह गौर, रामबिलास कुशवाहा, उमाशंकर पाल आदि भी लोधेश्वर महादेव के प्रति काफी आस्था रखते हैं। मेला परिसर में बढ़ी भीड़ के कारण गंदगी भी बढ़ गई है। जहां हैंडपंप लगे हैं वहां आसपास पानी फैला है। मेला में सरकारी व्यवस्थाएं भीड़ के आगे बौनी हो गई हैं फिर भी कांवड़ियों के उत्साह में कोई कमी नहीं है। कांवड़ियों के जत्थे जल चढ़ाने के बाद परिसर में बैठकर शिवभक्ति के भजन-कीर्तन करते हैं। हरहर महादेव, बमबम भोले के जयकारे वातावरण में गूंज रहे हैं। 17 फरवरी को महाशिवरात्रि है। जैसे-जैसे शिवरात्रि की तिथि नजदीक आ रही है कांवड़िये बढ़ रहे हैं। रंग-बिरंगी कांवड़ों का ढेर मंदिर के आसपास लग गया है।

मसौली में रैन बसेर की खलती है कमी

लोधेश्वर महादेवा जाने वाले कांवड़िये मसौली में अपना अंतिम पड़ाव डालते हैं। क्योंकि यहां से महादेवा की दूरी मात्र 17 किलोमीटर है। ऐसे में देर रात पैदल चलकर यहां पहुंचने वाले कांवड़िये मसौली में रुकते हैं फिर भोर पहर चलकर सीधे महादेवा में जलाभिषेक करते हैं। मगर यहां कांवड़ियों के लिए कोई रैनबसेरा न होने से सड़क के किनारे फुटपाथ व बागों में ठहरते हैं। मसौली चौराहे पर कोई ऐसा स्थल भी नहीं है जहां रुक सकें। लंबे समय से मांग की जा रही है कि मसौली में एक रैनबसेरा बने जो कांवड़ियों के अलावा अन्य लोगों के काम भी आवे। मगर इस ओर किसी ने अब तक ध्यान नहीं दिया। मसौली चौराहे पर शुद्ध पेयजल की भी किल्लत है। पूरे चौराहे पर मात्र एक इंडिया मार्का हैंडपंप चालू दशा में है। उसमें भी स्वच्छ पानी नहीं निकलता फिर भी कांवड़िये पीने को विवश होते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।