यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 02, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड का कहर जारी, अध्यापक की मौत

बांदा, जागरण संवाददाता : बीते चौबीस घंटे में मौसम की लुका-छिपी जारी रही। शुक्रवार देर रात तक कड़ाके की सर्दी रही। हवाओं के साथ गलन ने हर किसी को कांपने पर मजबूर कर दिया। वहीं नरैनी क्षेत्र में एक परिषदीय अध्यापक की ठंड लगने से मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर शनिवार को दिन की शुरूआत धुंध और कोहरे के साथ हुई लेकिन बाद में तेज धूप ने लोगों को ठंड से राहत दी। हालांकि धूप के जाते ही दोबारा सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया।
नरैनी, संवाद सहयोगी के अनुसार विद्यालय में ठंड लग जाने से सहायक अध्यापक की मौत हो गई है। सीएचसी अतर्रा से परिजन इलाज के लिए कानपुर ले जा रहे थे रास्ते में अध्यापक ने दम तोड़ दिया। महुआ ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय मोतियारी में तैनात सहायक अध्यापक प्रदीप कुशवाहा (35) सुबह स्कूल में पढ़ाने पहुंचे थे। तभी ठंड से उनके सीने में दर्द होने लगा। साथी शिक्षकों को बताया कि उसे बहुत तेज ठंड लग रही है कहते-कहते बेहोश हो गया। घटना की सूचना पर परिजनों ने सीएचसी अतर्रा में भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर कानपुर रिफर कर दिया गया। रास्ते में अध्यापक की मौत हो गई। शिक्षक की मृत्यु पर प्राथमिक शिक्षक संघ के मंत्री डा.आरडी सिंह, सत्यप्रकाश शुक्ला, चिरौंजीलाल, चंद्रकिशोर, अमर सिंह, आशुतोष त्रिपाठी, रामकृपाल गुप्ता ने पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
